भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है: रूबियो
भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है: रूबियो
म्यूनिख, 15 फरवरी (भाषा) अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि भारत ने रूसी तेल खरीदना बंद करने की प्रतिबद्धता जतायी है।
यह बयान भारत द्वारा यह बात दोहराने के कुछ दिनों बाद आया है कि कच्चे तेल की खरीद के संबंध में नयी दिल्ली के निर्णयों के लिए राष्ट्रीय हित ‘मार्गदर्शक कारक’ होगा और ऊर्जा नीति के प्रमुख आधार पर्याप्त उपलब्धता, उचित मूल्य निर्धारण और आपूर्ति की विश्वसनीयता हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नयी दिल्ली के साथ एक व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए दावा किया था कि भारत ने रूस से कच्चा तेल नहीं खरीदने की प्रतिबद्धता जतायी है। तब से ही, अमेरिका ने कई बार दावा किया है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा।
शनिवार को म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में रुबियो ने कहा, ‘‘भारत के साथ हमारी बातचीत में हमें उनकी प्रतिबद्धता मिली है कि वे अतिरिक्त रूसी तेल खरीदना बंद कर देंगे।’’
रुबियो रूस-यूक्रेन युद्ध और मॉस्को पर लगाए गए प्रतिबंधों से जुड़े एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
इस समझौते की घोषणा के बाद, ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश में भारत द्वारा रूस से कच्चा तेल खरीदने पर अगस्त में लगाए गए अतिरिक्त शुल्क को वापस ले लिया था।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने सोमवार को कहा था कि कच्चे तेल की खरीद पर भारत का दृष्टिकोण ऊर्जा प्रवाह में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए आपूर्ति के कई स्रोत बनाए रखने और उनमें विविधता लाने का रहा है।
भाषा अमित शफीक
शफीक

Facebook


