भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘ग्लोबल साउथ’ के अधिक प्रतिनिधित्व का समर्थन किया
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘ग्लोबल साउथ’ के अधिक प्रतिनिधित्व का समर्थन किया
(योषिता सिंह)
संयुक्त राष्ट्र, 21 अप्रैल (भाषा) भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता में अधिक प्रतिनिधित्व (विशेष रूप से ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के प्रतिनिधित्व) की आवश्यकता पर बल दिया है और एक निष्पक्ष और समावेशी वैश्विक वित्तीय प्रणाली की मांग की है।
विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने यहां महत्वपूर्ण बैठकों में भारत की ओर से बयान दिए। विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सुधारों पर अंतर-सरकारी वार्ता की बैठक में उन्होंने ‘ग्लोबल साउथ’ के अधिक प्रतिनिधित्व की आवश्यकता, विशेष रूप से स्थायी श्रेणी के तहत, पर प्रकाश डाला।
जॉर्ज ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों के प्रति भारत के दृष्टिकोण और अफ्रीकी मॉडल के बीच समानता पर भी जोर दिया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में विकास के लिए वित्तपोषण पर 2026 आर्थिक और सामाजिक परिषद (ईसीओएसओसी) फोरम की आम बहस में भारत की ओर से राष्ट्रीय वक्तव्य दिया।
उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों के वित्तपोषण के संबंध में चार ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के अंतर को पाटने के लिए एक निष्पक्ष, समावेशी और विकासोन्मुखी वैश्विक वित्तीय प्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया।
जॉर्ज ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके संयुक्त राष्ट्र की अपनी आधिकारिक यात्रा शुरू की।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


