अमेरिका में भारतीय नागरिक की हत्या:आरोपी की सूचना देने वाले के लिए 20,000 अमेरिकी डॉलर का इनाम
अमेरिका में भारतीय नागरिक की हत्या:आरोपी की सूचना देने वाले के लिए 20,000 अमेरिकी डॉलर का इनाम
(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, सात जून (भाषा) पुलिस ने अमेरिका के फिलाडेल्फिया में 28 वर्षीय उस भारतीय व्यक्ति की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 20,000 अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया है जिसे खाली पड़े एक घर में पिज्जा पहुंचाने के बाद गोली मार दी गई थी।
हैदराबाद के रहने वाले अंशुल कुंचा शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे उत्तरी फिलाडेल्फिया में एक खाली मकान में पिज्जा पहुंचाने गए थे। इसी दौरान उनके सिर के पिछले हिस्से में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई।
न्यूयॉर्क स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह कुंचा के परिवार को हरसंभव सहायता दे रहा है।
वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शनिवार को एक पोस्ट में कहा, ‘‘पेनसिल्वेनिया के फिलाडेल्फिया में भारतीय नागरिक अंशुल कुंचा के असामयिक निधन से हमें अत्यंत दुख हुआ है। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वाणिज्य दूतावास अंशुल के परिवार के संपर्क में है और हरसंभव सहायता दे रहा है।’’
‘एनबीसी फिलाडेल्फिया’ की एक खबर में कहा गया कि पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तारी और दोषसिद्धि में मददगार सूचना देने पर 20,000 अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया है।
प्राधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी की यह घटना एजली स्ट्रीट के 2300 ब्लॉक में ‘रेमंड रोसेन होम्स’ में हुई।
कुंचा को इलाके की एक खाली आवासीय इकाई में पिज्जा पहुंचाने के बाद सिर में गोली मारी गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
प्राधिकारियों ने बताया कि फिलाडेल्फिया आवास प्राधिकरण के निगरानी कैमरों में घटना से पहले के कुछ क्षण कैद हुए हैं। उन्होंने कहा कि गोली चलने की घटना कैमरे में दर्ज नहीं हुई लेकिन फुटेज में कुंचा पिज्जा के डिब्बे लेकर चलते दिखाई दे रहे हैं और गहरे रंग के कपड़े पहने दो लोग उनका पीछा करते नजर आ रहे हैं। पीछा कर रहे लोगों में से एक के पास गहरे रंग का बैग दिखाई दे रहा था।
खबर में कहा गया कि घटना की जांच में पता चला है कि कुंचा को तीन पिज्जा पहुंचाने के ‘‘बहाने’’ खाली अपार्टमेंट में बुलाया गया था।
फिलाडेल्फिया पुलिस विभाग के मुख्य निरीक्षक स्कॉट स्मॉल ने कहा कि कुंचा ‘‘जमीन पर अचेत पड़े थे, उनके सिर में गोली लगी थी और बहुत खून बह रहा था।’’
‘एनबीसी’ की खबर में स्मॉल के हवाले से कहा गया, ‘‘चले हुए तीनों कारतूसों के खोखे उस जगह से कुछ ही इंच दूर मिले, जहां कुंचा जमीन पर पड़े थे। इससे संकेत मिलता है कि हमलावर पीड़ित के बहुत करीब खड़े थे।’’
मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। स्मॉल ने हालांकि बताया कि पुलिस के पास उस व्यक्ति का फोन नंबर है, जिसने पिज्जा का ऑर्डर दिया था।
जांचकर्ता संबंधित पिज्जा दुकान के साथ मिलकर जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ऑर्डर देने वाले व्यक्ति का इस घटना से कोई संबंध था या नहीं।
खबर में कहा गया कि कुंचा का वाहन भी घटनास्थल के पास मिला।
पुलिस को खाली अपार्टमेंट के भीतर पिज्जा के तीन बंद डिब्बे और एक बैग मिला जिससे संकेत मिलता है कि कुंचा ने ‘‘पिज्जा पहुंचा दिया था’’ जिसके बाद उन्हें बाहर गोली मारी गई।
हैदराबाद में कुंचा के परिवार ने न्याय की मांग की है और विदेश मंत्रालय से उनका पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की अपील की है।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष

Facebook


