भारतीय नागरिक पर 16 लाख सिंगापुर डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप

Ads

भारतीय नागरिक पर 16 लाख सिंगापुर डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 03:25 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 03:25 PM IST

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, 16 अप्रैल (भाषा) एक सांस्कृतिक संगठन से 16 लाख सिंगापुर डॉलर (लगभग 13 लाख अमेरिकी डॉलर) से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक भारतीय समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय मीडिया की खबर में यह जानकारी दी गयी है।

‘चैनल न्यूज एशिया’ (सीएनए) की खबर के अनुसार, अप्रैल और दिसंबर 2023 के बीच, आरोपी अलागप्पन मुथु (53) और चीनी मूल के सिंगापुर निवासी चिंग वाई लेंग (81) ने कथित तौर पर बिशान में क्वांग वाई सियू पेक सैन थेंग को धोखा देने के लिए नौ बार साजिश रची।

क्वांग वाई सियू पेक सैन थेंग एक सांस्कृतिक संगठन और अस्थि कलश रखने का स्थान है। यहां अस्थि कलशों को रखने के लिए कक्ष में खांचे बने हुए हैं।

भ्रष्टाचार निवारण जांच ब्यूरो (सीपीआईबी) का हवाला देते हुए खबर में कहा गया है कि चिंग उस समय अस्थि कलशगृह में रखरखाव अनुभाग के प्रमुख थे, जबकि मुथु एक निजी कंपनी केकेवी कंस्ट्रक्शन में निदेशक थे।

सीपीआईबी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, चिंग एशियाबिल्ड एंटरप्राइजेज के मालिक थे।

आरोप है कि दोनों ने केकेवी कंस्ट्रक्शन को खुली निविदा के माध्यम से प्लास्टर, पेंटिंग, धुलाई और मरम्मत कार्यों समेत कई तरह के काम दिलाने में मदद करने पर सहमति जताई थी।

इसके बदले में, मुथु की केकेवी कंस्ट्रक्शन ने काम का ठेका एशियाबिल्ड एंटरप्राइजेज को दे दिया।

खबर के अनुसार प्रबंधन समिति से इन व्यवस्थाओं को कथित तौर पर छिपाकर, उन्होंने क्वांग वाई सियू पेक सैन थेंग के अध्यक्ष को गुमराह किया और केकेवी कंस्ट्रक्शन को लगभग 16,61,785 सिंगापुर डॉलर (लगभग 13,08,224 अमेरिकी डॉलर) के भुगतान को मंजूरी दे दी।

सीएनए ने बताया कि दोनों व्यक्तियों पर अदालतों में धोखाधड़ी के नौ समान आरोप लगाए गए थे।

खबर के अनुसार, उनके मामलों की सुनवाई पूर्व बैठक 21 मई को तय की गई है।

धोखाधड़ी के दोषी पाए जाने पर अपराधी को 10 साल तक की कैद और जुर्माने की सजा हो सकती है।

भाषा

प्रशांत देवेंद्र

देवेंद्र