मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में भारतीय नागरिक कोलंबो हवाई अड्डे पर गिरफ्तार
मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में भारतीय नागरिक कोलंबो हवाई अड्डे पर गिरफ्तार
कोलंबो, 15 मई (भाषा) श्रीलंका के कोलंबो हवाई अड्डे पर शुक्रवार को 60 वर्षीय एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 10.80 करोड़ श्रीलंकाई रुपये मूल्य की कोकीन बरामद की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पेशे से भूविज्ञानी है और कतर एयरवेज के विमान से युगांडा से दोहा होते हुए कोलंबो पहुंचा था।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के सामान में दो किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ था।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “यात्री के सामान की गहन जांच के दौरान सीमा शुल्क अधिकारियों ने करीब 2.15 किलोग्राम कोकीन बरामद की, जिसे बड़ी सावधानी से सामान के भीतर छिपाकर रखा गया था।”
बयान में कहा गया कि जब्त कोकीन की अनुमानित कीमत करीब 10.80 करोड़ श्रीलंकाई रुपये (लगभग 3.32 लाख अमेरिकी डॉलर) है।
कुछ दिन पहले इसी हवाई अड्डे पर एक अन्य भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया था, जिसके पास से चार किलोग्राम से अधिक ‘कुश’ गांजा बरामद किया गया था।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


