ब्रिटेन: ‘हिट एंड रन’ मामले में भारतीय मूल के एक व्यक्ति को छह वर्ष नौ माह की जेल
ब्रिटेन: 'हिट एंड रन' मामले में भारतीय मूल के एक व्यक्ति को छह वर्ष नौ माह की जेल
लंदन, 12 जुलाई (भाषा) ब्रिटेन में भारतीय मूल के एक व्यक्ति को पूर्वी लंदन में तेज गति से कार चलाकर एक पैदल यात्री को टक्कर मारने और दुर्घटना के बाद मौके से फरार होने के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद कारावास की सजा सुनाई गई है। लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने यह जानकारी दी और कहा कि इस दुर्घटना में पैदल यात्री की मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को लंदन की वूलविच क्राउन अदालत ने 26 वर्षीय मयन हिरानी को खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से हुई एक व्यक्ति की मौत का दोषी ठहराया। अदालत ने उनको दुर्घटना के बाद मौके से फरार होने का भी दोषी ठहराया और उन्हें छह वर्ष नौ महीने के कारावास की सजा सुनाई।
पुलिस ने कहा, ‘‘हिरानी ने स्वीकार किया कि दुर्घटना के समय वही वाहन चला रहा था।’’
मामले के विवरण के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले मोहम्मद फुरुक अहमद पूर्वी लंदन के इलफोर्ड में भोजन की आपूर्ति करने के लिए अपना वाहन खड़ा कर सड़क पार कर रहे थे।
इसी दौरान 64 से 68 मील प्रति घंटे की गति से गुजर रही हिरानी की कार (रेंज रोवर) ने उन्हें टक्कर मार दी। यह गति उस क्षेत्र में निर्धारित सीमा से दोगुने से भी अधिक थी।
भाषा
राखी संतोष
संतोष

Facebook


