इंडोनेशिया ट्रेन हादसा: बचाव कर्मियों ने मलबे से सभी पीड़ितों को निकाला
इंडोनेशिया ट्रेन हादसा: बचाव कर्मियों ने मलबे से सभी पीड़ितों को निकाला
बेकासी (इंडोनेशिया), 28 अप्रैल (एपी) इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के बाहर हुए ट्रेन हादसे के बाद बचावकर्मियों ने मंगलवार को मलबे से सभी पीड़ितों को बाहर निकाल लिया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में 14 महिलाओं की मौत हुई है।
यह हादसा सोमवार को उस समय हुआ जब एक लंबी दूरी की ट्रेन ने बेकासी तिमुर स्टेशन के पास खड़ी एक अन्य यात्री ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। यह कोच महिलाओं के लिए आरक्षित था, जिसे आमतौर पर छेड़छाड़ रोकने के लिए रखा जाता है।
सरकारी रेलवे कंपनी पीटी केरटा आपी इंडोनेशिया के सीईओ बॉबी रसीदिन के अनुसार, इस हादसे में कुल 84 घायल लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को शिनाख्त के लिए अस्पताल भेजा गया है।
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद स्याफी ने बताया कि सुबह तक सभी पीड़ितों को मलबे से निकाल लिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि लंबी दूरी की ट्रेन में सवार सभी 240 यात्री सुरक्षित हैं।
जकार्ता पुलिस प्रमुख असेप एडी सुहेरी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच जारी है।
इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि एक यात्री ट्रेन इंडोनेशिया रेलवे नेटवर्क के बेकासी तिमुर स्टेशन के पास खड़ी एक टैक्सी से टकरा गई, जिसके बाद एक अन्य ट्रेन को स्टेशन पर रोका गया और बाद में उसे एक लंबी दूरी की ट्रेन ने टक्कर मार दी।
रेलवे कंपनी के सीईओ ने कहा कि हादसे की विस्तृत जांच राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा समिति करेगी।
इंडोनेशिया के पुराने और व्यस्त रेलवे नेटवर्क में हादसे आम हैं। जनवरी 2024 में पश्चिम जावा में दो ट्रेनों की टक्कर में चार लोगों की मौत हुई थी।
एपी मनीषा नरेश
नरेश

Facebook


