अमेरिका के प्रतिष्ठित स्थलों पर मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
अमेरिका के प्रतिष्ठित स्थलों पर मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, सात जून (भाषा) अमेरिका में वाशिंगटन स्थित लिंकन मेमोरियल, न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर और शिकागो के नेवी पियर समेत कई प्रतिष्ठित स्थलों पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
योग प्रेमी ओरेगन के हिल्सबोरो में भी योगाभ्यास करेंगे, जो सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इसके अलावा दक्षिण कैलिफोर्निया के इरविन स्थित श्रीनाथजी हवेली मंदिर में भी योग कार्यक्रम आयोजित होंगे, जो अपनी शानदार वास्तुकला और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है।
वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने योग प्रेमियों को 19 जून को लिंकन मेमोरियल में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2015 से प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है।
समारोहों की तैयारियों के तहत भारतीय दूतावास ने शनिवार को वाशिंगटन शहर के ड्यूपॉन्ट सर्कल क्षेत्र में एक योग सत्र का आयोजन किया। दूतावास क्षेत्र के विभिन्न सामुदायिक समूहों द्वारा आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों को भी सहयोग प्रदान कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के योग गुरु एच. आर. नागेंद्र 21 जून को न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के समारोहों से पहले नागेंद्र न्यूयॉर्क के मोंटिसेलो में एक विशेष योग और कल्याण शिविर का भी उद्घाटन करेंगे जो 12 से 14 जून तक आयोजित किया जाएगा।
शिकागो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘योग केवल शारीरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह संतुलन, सजगता और आंतरिक शांति की राह दिखाता है। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उत्सव में शामिल होकर स्वास्थ्य, एकता और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए तैयार हो जाइए।’’
शिकागो में यह आयोजन नेवी पियर के ‘पोल्क ब्रदर्स पार्क’ में होगा, जो पिछले एक दशक में प्रमुख सांस्कृतिक एवं प्रदर्शन स्थल के रूप में उभरा है।
इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’’ है, जो दीर्घायु, शारीरिक गतिशीलता और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने में योग की भूमिका को रेखांकित करती है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को एक प्रस्ताव पारित कर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था।
पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था। तब से हर वर्ष दुनिया भर में लाखों लोग इस दिवस को उत्साहपूर्वक मनाते आ रहे हैं।
भाषा गोला सुरभि
सुरभि

Facebook


