बांग्लादेश के ईंधन वाले छह जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने पर ईरान सहमत
बांग्लादेश के ईंधन वाले छह जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने पर ईरान सहमत
ढाका, एक अप्रैल (भाषा) ईरान ने बुधवार को कहा कि उसकी सुरक्षा परिषद ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने के लिए इंतजार कर रहे बांग्लादेश के ईंधन ले जाने वाले छह जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने की मंजूरी दे दी है।
बांग्लादेश में पेट्रोलियम भंडार तेजी से घटते जा रहे हैं, जो आयातित ईंधन पर अत्यधिक निर्भर है। कतर से आने वाली एलएनजी की पांच खेप और सऊदी अरब से कच्चे तेल की एक खेप होर्मुज़ जलडमरूमध्य को पार करने के इंतजार में हैं। इनमें लगभग 5 लाख टन एलएनजी और करीब 79,000 टन कच्चा तेल शामिल है।
ढाका में ईरान के राजदूत जलील रहीमी जहानाबादी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ईरान नहीं चाहता कि बांग्लादेश के लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना करना पड़े और वह होर्मुज के रास्ते ईंधन परिवहन के लिए सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगा।’’
इससे पहले बांग्लादेश ने ईरान से अनुरोध किया था कि वह जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे।
हालांकि, ईरान के राजदूत ने अपने देश पर इजराइल-अमेरिका के हमलों के संबंध में बांग्लादेश की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘बांग्लादेश ने चिंता व्यक्त की, लेकिन हमें खुशी होती अगर बांग्लादेश ईरान पर हुए हमले की निंदा करता।’’
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


