ईरान ने ट्रंप के ड्रोन हमले के दावों को ‘पूरी तरह बेबुनियाद’ बताया

ईरान ने ट्रंप के ड्रोन हमले के दावों को ‘पूरी तरह बेबुनियाद’ बताया

ईरान ने ट्रंप के ड्रोन हमले के दावों को ‘पूरी तरह बेबुनियाद’ बताया
Modified Date: June 13, 2026 / 01:56 pm IST
Published Date: June 13, 2026 1:56 pm IST

नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) ईरान के दूतावास ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह दावा कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमले किए ‘पूरी तरह से बेबुनियाद’ है।

दूतावास ने ट्रंप की टिप्पणियों को इस सप्ताह ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेना द्वारा वाणिज्यिक जहाजों पर किए गए हमलों से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया।

इन हमलों में तीन भारतीय नाविक मारे गए थे।

दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य में एक भारतीय जहाज को लेकर ईरान पर अमेरिकी राष्ट्रपति का आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है।’’

दूतावास ने कहा, ‘‘यह उस कठोर सच्चाई से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश है कि अमेरिका ने एक सप्ताह से भी कम समय में तीन भारतीय जहाजों पर हमला किया और तीन निर्दोष भारतीय नाविकों की जान ले ली। यह बहुत शर्मनाक है।’’

भारत ने शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया था और उन्हें बताया था कि ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के घातक हमले अस्वीकार्य हैं, जिसके बाद ट्रंप का यह बयान आया था।

इस सप्ताह में यह दूसरी बार था, जब नयी दिल्ली ने तीन जहाजों पर अमेरिकी हमलों को लेकर मीक्स को तलब किया।

आठ जून को अमेरिकी बलों ने पलाऊ के ध्वज वाले तेल टैंकर ‘मैरीवेक्स’ पर हमला किया था। इस जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था।

इसके बाद 10 जून को अमेरिका ने पलाऊ के ही ध्वज वाले एक अन्य टैंकर ‘सेटेबेलो’ पर हमला किया, जिस पर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई।

इसके अलावा, गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले टैंकर ‘जलवीर’ पर भी बृहस्पतिवार को हमला हुआ था। इस जहाज पर 20 भारतीय नागरिक सवार थे।

भाषा जितेंद्र शोभना

शोभना


लेखक के बारे में