ईरान के विदेश मंत्री अराघची अमेरिका के साथ वार्ता के दूसरे दौर के लिए इस्लामाबाद पहुंचे
ईरान के विदेश मंत्री अराघची अमेरिका के साथ वार्ता के दूसरे दौर के लिए इस्लामाबाद पहुंचे
(एम जुल्करनैन)
इस्लामाबाद, 24 अप्रैल (भाषा) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अमेरिका के साथ वार्ता के दूसरे दौर के सिलसिले में शुक्रवार देर रात इस्लामाबाद पहुंचे। एक सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अराघची के साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी है जिसमें सरकारी प्रवक्ता इस्माइल बुकाई भी शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि अराघची पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल जनरल सैयद आसिम मुनीर से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि वे शांति वार्ता के दूसरे दौर के लिए अमेरिकी अधिकारियों से भी मिल सकते हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी मध्यस्थता टीम के साथ महत्वपूर्ण चर्चाओं के बाद, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता का दूसरा दौर इस्लामाबाद में होने की उम्मीद है।’’
उन्होंने कहा कि वार्ता प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए एक अमेरिकी सुरक्षा दल पहले से ही इस्लामाबाद में मौजूद है।
इस बीच, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम एशिया मामलों के लिए अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार जेरेड कुशनर ईरान के साथ वार्ता के दूसरे दौर के लिए शनिवार को पाकिस्तान रवाना होंगे।
अमेरिका और ईरान के बीच गत 11 और 12 अप्रैल को हुई पहली दौर की वार्ता बेनतीजा रही थी।
भाषा देवेंद्र धीरज
धीरज

Facebook


