पाकिस्तान में ईरानी राजदूत ने अमेरिकी नाकाबंदी को ‘लापरवाही भरी चूक’ करार दिया
पाकिस्तान में ईरानी राजदूत ने अमेरिकी नाकाबंदी को ‘लापरवाही भरी चूक’ करार दिया
इस्लामाबाद, 14 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान में ईरान के राजदूत ने मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकाबंदी को ”गरिमापूर्ण तरीके से पीछे हटने और अपनी साख बचाने के लिए संभवतः की गई एक लापरवाही भरी चूक” करार दिया।
राजदूत रेजा अमीरी मोघदम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह बेकार के बयानों से लेकर लापरवाही भरी हरकतें करने तक और फिर वापस यही क्रम दोहराने का एक खतरनाक चक्र है।’’
उन्होंने कहा, ”नौसैनिक नाकेबंदी एक अवैध, उकसाने वाला और गैर-रचनात्मक कदम है, और यह संभवतः गरिमापूर्ण तरीके से पीछे हटने तथा अपनी साख बचाने के लिए की गयी एक लापरवाही भरी चूक है।”
मोघदम ने कहा कि नौसैनिक नाकाबंदी का उद्देश्य यह धारणा बनाना है कि ‘चीजें बलपूर्वक थोपी जा रही हैं और इस प्रकार गोला-बारूद की तैनाती, बयानबाजी, जानमाल के नुकसान और अमेरिकी करदाताओं पर पड़ने वाले बोझ को उचित ठहराना है।’
उनकी ये टिप्पणी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीन और अन्य देशों को ईरान से होने वाली तेल आपूर्ति को बाधित करने के उद्देश्य से होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी की घोषणा के मद्देनजर आई है।
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार ने मंगलवार को उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका को बातचीत की मेज पर वापस लाने के लिए उच्च स्तरीय संपर्क करने में जुटा है और दोनों पक्ष अगले सप्ताह तक इस्लामाबाद में वार्ता के दूसरे दौर के लिए फिर से मिल सकते हैं।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


