ईरान के विदेश मंत्री अराघची शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान पहुंचे
ईरान के विदेश मंत्री अराघची शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान पहुंचे
(एम जुल्करनैन एवं सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 24 अप्रैल (भाषा) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार देर रात क्षेत्रीय घटनाक्रम और अमेरिका-ईरान युद्धविराम पर पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा करने के लिए इस्लामाबाद पहुंचे। इसके साथ ही पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान-अमेरिका के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता की उम्मीदें फिर से जगी हैं।
उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल है, जिसमें विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई भी शामिल हैं।
एक पाकिस्तानी अधिकारी ने बताया कि अराघची प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तान के रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी मंत्री शांति वार्ता के दूसरे दौर के लिए अमेरिकी अधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने ‘फॉक्स न्यूज’ को बताया कि अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शनिवार को ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बातचीत के लिए पाकिस्तान जा रहे हैं।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा कि ईरानी नेता के आगमन पर उप प्रधानमंत्री इसहाक डार, फील्ड मार्शल मुनीर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इसने कहा, ‘‘यात्रा के दौरान, ईरानी विदेश मंत्री क्षेत्रीय घटनाक्रम के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए चल रहे प्रयासों पर चर्चा करने के लिए पाकिस्तान के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ बैठकें करेंगे।’’
दूसरी ओर, पाकिस्तान में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची, द्विपक्षीय मामलों की समीक्षा करने और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए इस्लामाबाद पहुंचे हैं।’’
पाकिस्तानी अधिकारी ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी मध्यस्थता दल के साथ महत्वपूर्ण चर्चाओं के बाद, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता का दूसरा दौर इस्लामाबाद में होने की उम्मीद है।’’
उन्होंने कहा कि वार्ता प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए एक अमेरिकी सुरक्षा दल पहले से ही इस्लामाबाद में मौजूद है।
उम्मीद है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के नेतृत्व में 11 अप्रैल को ईरान के साथ हुई पहली सीधी वार्ता को आगे बढ़ाएगा। हालांकि, पहले दौर की वार्ता में अमेरिका, ईरान से उसके परमाणु ईंधन संवर्धन कार्यक्रम पर कोई स्पष्ट प्रतिबद्धता प्राप्त करने में विफल रहा था।
भाषा
देवेंद्र धीरज
धीरज

Facebook


