‘साइबर व्यवधान’ से ईरान के परिवहन और शहरीकरण मंत्रालय की वेबसाइट ठप हुईं

Ads

‘साइबर व्यवधान’ से ईरान के परिवहन और शहरीकरण मंत्रालय की वेबसाइट ठप हुईं

  •  
  • Publish Date - July 10, 2021 / 03:42 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 09:01 PM IST

तेहरान, 10 जुलाई (एपी) ईरान में कंप्यूटर प्रणाली में ‘‘साइबर व्यवधान’’ के चलते शनिवार को परिवहन एवं शहरीकरण मंत्रालय की विभिन्न वेबसाइट ठप हो गईं।

आधिकारिक समाचार एजेंसी इरना ने यह जानकारी दी। इसने घटना का विवरण नहीं दिया और कहा कि मामले की जांच जारी है। मंत्रालय से संबंधित कंप्यूटर प्रणाली में इस तरह की घटना दूसरी बार हुई है।

शुक्रवार को साइबर हमले में हैकरों ने ईरान की रेल प्रणाली को निशाना बनाया था और देशभर में रेलवे स्टेशनों पर लगे विभिन्न डिस्प्ले बोर्ड पर ट्रेनों के रद्द होने या देर से चलने के बारे में फर्जी संदेशों की बाढ़ आ गई थी। इस साइबर हमले के चलते ट्रेनों की निगरानी प्रणाली चरमरा गई थी।

देश के दूरसंचार मंत्री मोहम्मद जवाद अजारी जाहरोमी ने शनिवार को संभावित साइबर हमलों को लेकर आगाह भी किया। साल 2018 में भी ईरान को इसी तरह के हमलों का सामना करना पड़ा था।

दिसंबर 2018 में ईरान के दूरसंचार मंत्रालय ने कहा था कि उसने एक ‘‘इलेक्ट्रॉनिक अवसंरचना’’ पर एक बड़े साइबर हमले को नाकाम कर दिया है। हालांकि, इसने कथित हमले का कोई ब्योरा नहीं दिया था।

अब तक किसी भी समूह ने इस तरह की किसी भी घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।

ईरान में 2019 में एक रेलवे कंपनी की कंप्यूटर प्रणाली में त्रुटि की वजह से अनेक ट्रेनों के आवगमन में विलंब हुआ था।

एपी नेत्रपाल माधव

माधव