(Stock Market Today/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Stock Market Today in India: आज शुक्रवार को कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच भारतीय शेयर बाजार (Indian Stock Market Today) की शुरुआत दबाव के साथ हो सकती है। गिफ्ट निफ्टी करीब 100 अंकों की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है। जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि घरेलू बाजार नरमी के साथ खुल सकते हैं। वहीं, अमेरिकी डाओ फ्यूचर्स और ज्यादातर एशियाई बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिल रही है। दूसरी तरफ ब्रेंट क्रूड करीब 1 फीसदी तेजी के साथ 83 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है। हालांकि डॉलर इंडेक्स में हल्की गिरावट निवेशकों के लिए थोड़ी राहत लेकर आई है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ डील को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है। अगर दोनों देशों के बीच समझौता होता है तो भविष्य में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव कम हो सकता है।
बुधवार के कारोबार में निफ्टी 50 लगातार तीसरे दिन सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। बाजार की चाल (Stock Market Today) भले ही धीमी रही लेकिन तकनीकी रूप से इंडेक्स अब भी मजबूत स्थिति में बना हुआ है और अपने प्रमुख मूविंग एवरेज के ऊपर कारोबार कर रहा है। आज के कारोबार के लिए निफ्टी का पहला रेजिस्टेंस 24,667 पर, इसके बाद 24,684 और 24,712 पर माना जा रहा है। वहीं नीचे की ओर 24,611, 24,594 और 24,566 अहम सपोर्ट लेवल हैं। बैंक निफ्टी के लिए 58,090, 58,176 और 58,314 प्रमुख रेजिस्टेंस रहेंग। जबकि 57,813, 57,728 और 57,590 के स्तर अहम सपोर्ट माना जा रहा है।
आज कई कंपनियों से जुड़ी खबरों और गतिविधियों के चलते कुछ शेयर निवेशकों के फोकस में रह सकते हैं। इनमें एलआईसी, अपोलो टायर्स, शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, एल्केम लैबोरेटरीज, सीमेंस एनर्जी इंडिया, डाबर इंडिया, ओरिएंट इलेक्ट्रिक, शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज और न्यूलैंड लैबोरेटरीज शामिल हैं। इन कंपनियों से जुड़ी घोषणाएं और कारोबारी अपडेट बाजार खुलने के बाद इनके शेयरों में तेज उतार-चढ़ाव ला सकते हैं।
आज बाजार की सबसे बड़ी नजर (Stock Market Today) कंपनियों के पहली तिमाही (Q1) के नतीजों पर रहेगी। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के अलावा टाइटन कंपनी, ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, BEML, सेरा सैनिटरीवेयर, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, आइनॉक्स विंड, जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज, हिताची एनर्जी इंडिया, लेमन ट्री होटल्स, पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन, ऑयल इंडिया और केन्स टेक्नोलॉजी इंडिया अपने जून तिमाही के नतीजे जारी करेंगे और इनके शेयरों में पूरे दिन अच्छी-खासी हलचल देखने को मिल सकती है।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।