उत्तरपूर्वी नाइजीरिया में इस्लामी चरमपंथियों ने 300 से अधिक लोगों को अगवा किया: अधिकारी

उत्तरपूर्वी नाइजीरिया में इस्लामी चरमपंथियों ने 300 से अधिक लोगों को अगवा किया: अधिकारी

उत्तरपूर्वी नाइजीरिया में इस्लामी चरमपंथियों ने 300 से अधिक लोगों को अगवा किया: अधिकारी
Modified Date: March 7, 2026 / 09:38 am IST
Published Date: March 7, 2026 9:38 am IST

अबुजा, सात मार्च (एपी) उत्तर पूर्वी नाइजीरिया के एक शहर में इस्लामी चरमपंथियों ने शुक्रवार को हमला कर 300 से अधिक लोगों का अपहरण कर लिया जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ग्वाजा क्षेत्र के अधिकारी बुलामा सावा के अनुसार, यह हमला बोर्नो राज्य के न्गोशे कस्बे में हुआ।

उन्होंने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि यह हमला सेना द्वारा चलाए गए उस अभियान के संभवतः प्रतिशोध में किया गया था जिसमें बोको हराम चरमपंथी समूह के तीन ‘कमांडर’ को मार गिराया गया था।

शुक्रवार के इस हमले की जिम्मेदारी अभी किसी ने नहीं ली है।

नाइजीरिया विभिन्न हथियारबंद समूहों से उत्पन्न जटिल सुरक्षा संकट से जूझ रहा है। अमेरिका ने पश्चिमी अफ्रीकी देश में असुरक्षा से निपटने के लिए सेना की मदद के उद्देश्य से अपने सैनिक भेजे हैं।

एक सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, इस सप्ताह बुधवार और शुक्रवार की सुबह के बीच कोंडुगा, मार्ते, जकाना और मैनोक समुदायों में भी अलग-अलग हमले हुए।

प्रवक्ता उबा सानी ने कहा कि सेना कोंडुगा, मार्ते, जकाना और मैनोक समुदायों पर हुए हमलों को विफल करने में सफल रही, लेकिन ‘‘कई बहादुर सैनिकों ने कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान की कुर्बानी दे दी’’ जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। उन्होंने हताहत हुए सैनिकों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

एपी सुरभि सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में