इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख को मार गिराया
इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख को मार गिराया
दीर अल-बलाह, 27 मई (एपी) इजराइल ने बुधवार को कहा कि उसने गाजा सिटी में हवाई हमला कर हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख को मार गिराया है।
हमास ने अपनी सैन्य शाखा के नए प्रमुख की मौत की पुष्टि की है।
दो सप्ताह से कम समय पहले इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के तत्कालीन प्रमुख को भी मार गिराया था।
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज और इजराइली सेना ने कहा कि मंगलवार के हमले में मोहम्मद ओदेह मारा गया।
हमास ने एक बयान में कहा कि मोहम्मद ओदेह की अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मंगलवार को एक हवाई हमले में मौत हो गई।
स्थानीय अस्पतालों के अनुसार, मंगलवार को गाजा सिटी के एक बाजार पर हुए हमले में ओदेह और उनके परिवार के सदस्यों सहित कम से कम पांच लोग मारे गए और 12 लोग घायल हुए।
यह हमला ईद-उल-अजहा से एक दिन पहले किया गया।
बुधवार को गाजा सिटी में ओदेह के परिवार के जनाजे में हजारों लोग एकत्रित हुए।
हमास ने इस हमले की निंदा की और ओदेह के तीन दशकों से अधिक समय से समूह के साथ सक्रिय होने का जिक्र किया।
काट्ज ने ओदेह को सात अक्टूबर 2023 के हमले का “एक प्रमुख सूत्रधार” बताया। इजराइल पर सात अक्टूबर, 2023 के हमले के बाद गाजा में युद्ध आरंभ हुआ है जो दो साल से अधिक समय से चला।
काट्ज ने कहा कि उस नरसंहार (सात अक्टूबर, 2023 के हमले) के बाद से अब तक यह चौथी बार है, जब इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख को मार गिराया है।
मंगलवार का यह हमला ईद-उल-अजहा की पूर्व संध्या पर हुआ, जिससे गाजा में त्योहार का माहौल और भी फीका पड़ गया। अधिकतर लोग पहले ही विस्थापित हो चुके हैं और तंबुओं या अस्थायी आश्रयों में रह रहे हैं।
पिछले साल अक्टूबर में इजराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम के बाद भी स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई है। युद्धविराम लागू होने के बाद से इजराइली हमलों में 880 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
काट्ज ने बुधवार को ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमने सात अक्टूबर के हमले के प्रमुख सूत्रधार को खत्म करने का संकल्प लिया था और हम वही करेंगे। वे सभी मारे जाएंगे, चाहे कहीं भी हों।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने यह भी संकल्प लिया है कि हमास को न तो नागरिक शासन और न ही सैन्य शासन चलाने दिया जाएगा।’’
इस बीच, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सात अक्टूबर 2023 के हमले में शामिल सभी लोगों को निशाना बनाने की चेतावनी दी।
एपी
शफीक माधव
माधव

Facebook


