रामल्ला (वेस्ट बैंक), 15 मार्च (एपी) उत्तरी पश्चिमी तट में इजराइली सैनिकों ने एक कार पर गोलीबारी की, जिससे उसमें सवार दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
फलस्तीनी आधिकारिक समाचार एजेंसी ने बताया कि ईद-उल-फितर के लिए नए कपड़े खरीदने निकले परिवार पर शनिवार देर रात गोली चलाई गई। इजराइल ने कहा कि वह गोलीबारी की जांच कर रहा है।
फलस्तीनी रेड क्रिसेंट राहत सेवा ने कहा कि अली और वाएद ओदेह और उनके चार बच्चों में से दो को सिर में गोली लगी थी।
समूह ने कहा कि ओदेह परिवार के दो जीवित बच्चों को छर्रे के घाव लगे थे, जिनका उपचार बचाव दल ने घटनास्थल तक पहुंचने की अनुमति मिलने के बाद की। समूह ने आरोप लगाया कि इजराइल ने घटनास्थल पर एम्बुलेंस देरी से भेजी।
रविवार को इजराइल की सेना और पुलिस ने एक संयुक्त बयान में कहा कि ताम्मून में एक कार के उनकी ओर तेजी से बढ़ने पर बलों ने गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि बल ‘आतंकवादी गतिविधि’ के आरोपी संदिग्धों का पीछा कर रहे थे और गोलीबारी की जांच चल रही है।
एपी तान्या प्रशांत
प्रशांत