इजराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने वेस्ट बैंक पर नियंत्रण मजबूत करने के कदमों को मंजूरी दी

Ads

इजराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने वेस्ट बैंक पर नियंत्रण मजबूत करने के कदमों को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 10:10 AM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 10:10 AM IST

यरुशलम, नौ फरवरी (एपी) इजराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने वेस्ट बैंक पर अपना नियंत्रण मजबूत करने और फलस्तीनी प्राधिकरण की पहले से ही सीमित शक्तियों को कमजोर करने वाले कदमों को मंजूरी दी।

दक्षिणपंथी वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच के कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि ऐसे फैसले लिए गए हैं जिनसे यहूदी बस्तियों के लिए फलस्तीनियों को जमीन छोड़ने के लिए मजबूर करना आसान हो जाएगा। उसने कहा, ‘‘हम फलस्तीनी राष्ट्र के विचार को खत्म करना जारी रखेंगे।’’

निगरानी समूह ‘पीस नाउ’ के शोधकर्ता योनातन मिज़राची ने कहा कि इस फैसले को लागू करने के लिए ‘वेस्ट बैंक’ के लिए इजराइल के शीर्ष कमांडर की मंजूरी की आवश्यकता है।

फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने एक बयान में इस फैसले को ‘‘खतरनाक’’ और ‘‘बस्ती विस्तार एवं भूमि अधिग्रहण को वैध बनाने का इजराइल का खुला प्रयास’’ करार दिया। उन्होंने अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से तत्काल हस्तक्षेप करने का आह्वान किया।

जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने इस फैसले की निंदा करते हुए कहा कि यह ‘‘अवैध इजराइली संप्रभुता थोपने’’ तथा बस्तियों को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया निर्णय है।

इन कदमों में इजराइली यहूदियों को वेस्ट बैंक की भूमि की बिक्री पर लगे प्रतिबंध को रद्द करना, भूमि अधिग्रहण को आसान बनाने के लिए वेस्ट बैंक भूमि रजिस्ट्री अभिलेखों को सार्वजनिक करना, हेब्रोन में धार्मिक और अन्य संवेदनशील स्थलों पर निर्माण योजना को इजराइली प्राधिकारियों को हस्तांतरित करना तथा फलस्तीनी-प्रशासित क्षेत्रों में पर्यावरण और पुरातात्विक मामलों के इजराइली प्रवर्तन की अनुमति देना शामिल है।

एपी यासिर सिम्मी

सिम्मी