जयशंकर ने कुवैत के युवराज से मुलाकात की, द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की
जयशंकर ने कुवैत के युवराज से मुलाकात की, द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की
(फोटो के साथ)
कुवैत सिटी, आठ जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कुवैत के युवराज शेख सबाह अल-खालिद अल-सबाह से बुधवार को मुलाकात की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों तथा पश्चिम एशिया के हाल के घटनाक्रम पर चर्चा की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से युवराज को शुभकामनाएं दीं।
मंत्री ने कहा, ‘‘हमारे द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की मैं सराहना करता हूं। खाड़ी क्षेत्र के घटनाक्रम पर अपने विचार साझा करने के लिए मैंने उनका धन्यवाद किया।’’
कुवैत के विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों नेताओं ने भारत और कुवैत के बीच ऐतिहासिक संबंधों तथा विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
इसमें कहा गया है कि विदेश मंत्री जयशंकर ने कुवैत के अपने समकक्ष शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबाह से भी मुलाकात की और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत और विकसित करने के तरीकों पर चर्चा की।
पोस्ट में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर भी चर्चा की।
कुवैत के विदेश मंत्री ने जयशंकर और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दोपहर के भोजन का भी आयोजन किया।
जयशंकर मंगलवार को कुवैत पहुंचे थे और हवाई अड्डे पर उनका स्वागत उप विदेश मंत्री हमद सुलेमान मशान अल-मशान ने किया।
जयशंकर पांच से 10 जुलाई तक कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान की यात्रा पर हैं।
भाषा देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


