केअर स्टॉर्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा की

केअर स्टॉर्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा की

केअर स्टॉर्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा की
Modified Date: June 22, 2026 / 03:02 pm IST
Published Date: June 22, 2026 3:02 pm IST

लंदन, 22 जून (भाषा) केअर स्टॉर्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से सोमवार को इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने अपने उत्तराधिकारी के चयन की समयसीमा भी तय करते हुए कहा कि नए नेता का चुनाव जुलाई के मध्य तक कर लिया जाएगा।

स्टॉर्मर (63) ने कहा कि लेबर पार्टी के नए नेता के चुने जाने तक वह कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में पद पर बने रहेंगे। उन्होंने नए नेता को अपना पूरा समर्थन देने का वादा किया।

पिछले सप्ताह हुए एक अहम उपचुनाव में स्टॉर्मर के प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले एंडी बर्नहैम की जीत के बाद उनके प्रधानमंत्री पद से हटने की पृष्ठभूमि तैयार हुई। माना जा रहा कि बर्नहैम प्रधानमंत्री बनेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ से अपने संबोधन में भावुक स्टॉर्मर ने कहा, ‘‘मेरी पार्टी अब यह सवाल पूछ रही है कि क्या अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए मैं सबसे उपयुक्त व्यक्ति हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उस सवाल पर अपनी संसदीय पार्टी का जवाब सुना है और मैं उस जवाब को खुशी-खुशी स्वीकार करता हूं। मैंने जो भी फैसला लिया है, उसमें हमेशा उस देश को प्राथमिकता दी है जिससे मैं प्यार करता हूं। इसीलिए मैं लेबर पार्टी के नेता के पद से इस्तीफा दे रहा हूं।’’

स्टॉर्मर ने कहा कि उन्होंने सोमवार सुबह महाराजा चार्ल्स तृतीय से बात करके उन्हें इस फैसले के बारे में जानकारी दी।

अब वह लेबर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति से अपने उत्तराधिकारी के चयन की समय-सीमा तय करने का अनुरोध करेंगे। इसके तहत नौ जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और संसद के ग्रीष्मकालीन अवकाश, जो 17 जुलाई से निर्धारित है, से पहले नए नेता के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

भाषा आशीष मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में