तोक्यो, 28 जून (एपी) जापान के उत्तर-पूर्वी हिस्से में रविवार तड़के 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने यह जानकारी दी।
भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है लेकिन तूफानी मौसम के दौरान लगातार आ रहे भूकंपों ने भूस्खलन की आशंका बढ़ा दी है।
इवाते प्रांत के तट के पास रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजकर 25 मिनट पर भूकंप आया। इसका केंद्र करीब 40 किलोमीटर (25 मील) की गहराई में था। भूकंप के झटके आओमोरी प्रांत और आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी महसूस किए गए।
जापान में भूकंप और सुनामी का खतरा बना रहता है। जापान में हाल में कई भूकंप आए हैं जिनमें बृहस्पतिवार को आया 7.2 तीव्रता का भूकंप भी शामिल है। यह भूकंप उसी इलाके के पास आया था जहां रविवार को भूकंप महसूस किया गया।
एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अभी और भूकंप आ सकते हैं। माउंट फूजी के पास और तोक्यो के पश्चिम में स्थित यामानाशी प्रांत तथा आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था।
एपी सिम्मी शोभना
शोभना