कनाडा में युवक ने सिख व्यक्ति पर किया हमला, बोला-‘मेरे देश से निकल जाओ’

कनाडा में युवक ने सिख व्यक्ति पर किया हमला, बोला-‘मेरे देश से निकल जाओ’

कनाडा में युवक ने सिख व्यक्ति पर किया हमला, बोला-‘मेरे देश से निकल जाओ’
Modified Date: April 27, 2026 / 12:04 pm IST
Published Date: April 27, 2026 12:04 pm IST

टोरंटो, 27 अप्रैल (भाषा) कनाडा में एक युवक ने एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति पर हमला कर दिया और नस्लवादी टिप्पणियां करते हुए कहा-“मेरे देश से बाहर निकलो” जिसके बाद पुलिस ने इसे ‘घृणा से प्रेरित हमला’ मानते हुए जांच शुरू कर दी है। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वुडस्टॉक पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह घटना 22 अप्रैल को ओंटारियो के वुडस्टॉक की है और युवक पर अपने कृत्यों के लिए कई आरोप लगाए गए हैं।

बयान में कहा गया कि बुजुर्ग फुटपाथ पर चल रहे थे तभी एक युवक ने उन्हें धक्का दे दिया।

पुलिस के मुताबिक युवक ने पीड़ित को उनकी नस्लीय पहचान के आधार पर निशाना बनाया और टिप्पणियां की व अपशब्द कहे। पीड़ित को कोई चोट नहीं आई है।

जांच में यह पाया गया कि युवक ने बिना किसी उकसावे के बुजुर्ग पर हमला किया।

बयान में कहा गया कि हमले के बाद युवक टर्टल आइलैंड स्कूल की बाड़ फांदकर परिसर में घुस गया और फिर वहां से निकल भागा। इसमें कहा गया कि उसने किसी विद्यार्थी को निशाना नहीं बनाया।

पुलिस ने बताया, ‘‘जांच के बाद घृणा से प्रेरित हमले के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। जमानत सुनवाई तक उसे हिरासत में रखा गया है।’’

वुडस्टॉक पुलिस ने बताया कि इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें युवक बार-बार नस्लवादी टिप्पणी करता सुनाई दे रहा है। वीडियो में उसे कहते सुना जा सकता है-‘‘तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो?, तुम यहां के नहीं हो, मेरे देश से निकल जाओ।’’

पुलिस ने कहा, ‘‘हमारे समाज में नफरत की कोई जगह नहीं है। हम समुदाय के हर सदस्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जो भी घृणा से प्रेरित किसी घटना का शिकार हो, वह पुलिस को सूचित करे।’

पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

इस बीच विश्व सिख संगठन ने ‘एक्स’ पर जारी बयान में इस घटना पर गहरी चिंता जताई और हमले को अस्वीकार्य बताया।

संगठन ने त्वरित कार्रवाई के लिए वुडस्टॉक पुलिस का आभार जताया।

संगठन ने कहा, ‘‘हमारी हालिया सिख-विरोधी रिपोर्ट बताती है कि ऐसी घटनाएं एक व्यापक और चिंताजनक पैटर्न का हिस्सा हैं। सही समय पर सूचना, जन जागरुकता और संस्थानों की समन्वित कार्रवाई जरूरी है। अगर आप घृणा आधारित अपराध का शिकार हों तो पुलिस और संगठन को जरूर सूचित करें।’

भाषा तान्या खारी

खारी


लेखक के बारे में