स्विट्जरलैंड के रेलवे स्टेशन पर व्यक्ति ने तीन लोगों को चाकू मारा, अधिकारियों ने ‘आतंकी हमला’ बताया

Ads

स्विट्जरलैंड के रेलवे स्टेशन पर व्यक्ति ने तीन लोगों को चाकू मारा, अधिकारियों ने ‘आतंकी हमला’ बताया

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 08:35 AM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 08:35 AM IST

जिनेवा, 29 मई (एपी) स्विट्जरलैंड के विंटरथुर शहर के रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति ने चाकू मारकर तीन लोगों को घायल कर दिया। अधिकारियों ने इस घटना को ‘‘आतंकी कृत्य’’ बताया और बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख मारियस वेयेरमैन ने बताया कि हमला सुबह लगभग साढ़े आठ बजे हुआ। उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवाओं को सूचना मिलने के पांच मिनट बाद ही संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया। वह 31 वर्षीय स्विस-तुर्किये मूल का दोहरी नागरिकता वाला व्यक्ति है जो विंटरथुर में रहता है।

वेयेरमैन ने बताया कि 2015 में इस्लामिक स्टेट समूह का प्रचार सामग्री बांटने के कारण वह अधिकारियों की नजर में आया था। हाल में पुलिस के आपातकालीन नंबर पर कॉल करने और ‘‘अस्पष्ट टिप्पणियां’’ करने के बाद उसे एक मनोरोग केंद्र में ले जाया गया था लेकिन जांच में कुछ भी खतरनाक स्थिति का पता नहीं चलने पर बुधवार को डॉक्टर ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।

बृहस्पतिवार के हमले में 28, 43 और 52 वर्ष की उम्र के तीन स्विस पुरुष घायल हो गए।

वेयेरमैन ने बताया कि दो घायलों को दोपहर तक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी या छुट्टी मिलने ही वाली थी जबकि हमले में गंभीर रूप से घायल 52 वर्षीय व्यक्ति ऑपरेशन के बाद अब भी अस्पताल में भर्ती था।

वेयेरमैन ने कहा कि जांच अधिकारियों का मानना ​​है कि हमलावर ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया।

ज्यूरिख क्षेत्र के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मारियो फेहर ने इस हमले को ‘भयावह आतंकी कृत्य’’ बताया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध का जन्म स्विट्जरलैंड में हुआ था और उसने 2009 में स्विस नागरिकता प्राप्त की थी तथा पिछले दो वर्षों का अधिकतर समय उसने तुर्किये में बिताया था।

एपी सुरभि गोला

गोला