मैंडेलसन को अमेरिकी राजदूत नियुक्त करने के लिए राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ा: पूर्व अधिकारी
मैंडेलसन को अमेरिकी राजदूत नियुक्त करने के लिए राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ा: पूर्व अधिकारी
लंदन, 21 अप्रैल (एपी) पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लेने वाले एक पूर्व अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा चिंताओं के बावजूद उन्हें नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के लिए राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ा।
विदेश कार्यालय के पूर्व प्रमुख ऑली रॉबिन्स को पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री केयर स्टार्मर ने बर्खास्त कर दिया था।
उन्होंने मंगलवार को हाउस ऑफ कॉमन्स की विदेश मामलों की समिति को बताया कि स्टार्मर के कार्यालय से ‘‘दबाव का माहौल’’ बनाया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि यह ‘बहुत प्रबल अपेक्षा’ थी कि मैंडेलसन को ‘‘जल्द से जल्द पदभार ग्रहण करके अमेरिका में होना चाहिए।’’
सुरक्षा जांच में असफल रहने के बावजूद मैंडेलसन को महत्वपूर्ण राजनयिक पद दिए जाने के खुलासे के बाद स्टार्मर को इस्तीफे की मांग का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री का कहना है कि जेफ्री एप्स्टीन के मित्र मैंडेलसन को इस पद के लिए चुनना उनकी गलती थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें सुरक्षा जांच के बारे में पता होता तो वे नियुक्ति रद्द कर देते।
स्टार्मर ने इसका पूरा दोष विदेश मंत्रालय के अधिकारियों पर मढ़ दिया और कहा कि उन्होंने उन्हें सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बारे में नहीं बताया और मैंडेलसन की नियुक्ति को मंजूरी दे दी।
उन्होंने इसे ‘सचमुच चौंकाने वाला’ बताया कि अधिकारियों ने उन्हें जनवरी 2025 में हुई असफल जांच प्रक्रिया के बारे में नहीं बताया। स्टार्मर का कहना है कि उन्हें इसके बारे में पिछले सप्ताह ही पता चला।
स्टार्मर ने एप्स्टीन के साथ दोस्ती के बारे में नए विवरण सामने आने के बाद मैंडेलसन को सितंबर में बर्खास्त कर दिया था।
एपी शोभना नरेश
नरेश

Facebook


