मेक्सिको सिटी हर साल 10 इंच धंस रहा
मेक्सिको सिटी हर साल 10 इंच धंस रहा
मेक्सिको सिटी, एक मई (एपी) नासा द्वारा इस सप्ताह जारी की गई नई उपग्रह तस्वीरों से पता चलता है कि मेक्सिको सिटी प्रति वर्ष लगभग 10 इंच की दर से धंस रहा है, जिससे यह दुनिया के सबसे तेजी से धंसने वाले महानगरों में से एक बन गया है।
दुनिया के सबसे विशाल और घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में से एक, 7,800 वर्ग किलोमीटर और लगभग 2.2 करोड़ लोगों के साथ मेक्सिको की राजधानी और आसपास के शहर एक प्राचीन झील के तल पर बसे हैं। शहर की कई सड़कें कभी नहरें हुआ करती थीं।
बड़े पैमाने पर भूमिगत जल की निकासी और शहरी विकास ने जलभंडार को नाटकीय रूप से सिकोड़ दिया है, जिसका अर्थ है कि मेक्सिको सिटी एक सदी से भी अधिक समय से धंस रहा है।
इससे कई स्मारक और पुरानी इमारतें – जैसे कि मेट्रोपॉलिटन कैथेड्रल, जिसका निर्माण 1573 में शुरू हुआ था – स्पष्ट रूप से एक तरफ झुकी हुई दिखाई देती हैं।
मेक्सिको के राष्ट्रीय स्वायत्त विश्वविद्यालय में भूभौतिकी का अध्ययन कर रहे शोधकर्ता एनरिक कैब्रल ने कहा, ‘‘इससे मेक्सिको सिटी के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे जैसे कि मेट्रो, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, आवास और सड़कों को नुकसान पहुंच सकता है।’’
मेक्सिको सिटी इतनी तेजी से धंस रहा है कि इसे अंतरिक्ष से भी देखा जा सकता है।
एपी शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


