पाकिस्तान के सिंध में अगवा की गई नाबालिग हिंदू लड़की को छह महीने बाद सुरक्षित ढूंढ लिया गया
पाकिस्तान के सिंध में अगवा की गई नाबालिग हिंदू लड़की को छह महीने बाद सुरक्षित ढूंढ लिया गया
कराची, 29 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत के मीरपुरखास में 15 वर्षीय एक हिंदू लड़की को अगवा किए जाने, जबरदस्ती धर्म-परिवर्तन और शादी करा दिए जाने के छह महीने बाद उसे बचा लिया गया है। एक स्थानीय गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पाकिस्तान के हिंदू समुदाय से जुड़े मुद्दों पर काम करने वाले एनजीओ ‘पाकिस्तान दरावर इत्तेहाद’ के अध्यक्ष फकीर शिव कच्छी ने बताया कि संबंधित अधिकारियों के सहयोग से रविवार को लड़की को बचाया गया और उसके परिवार से मिलाया गया।
कच्छी ने कहा, ‘‘वह अब सुरक्षित है और अपने परिवार के साथ है।’’
उन्होंने बताया कि लड़की को कथित तौर पर मीरपुरखास के पास से अगवा कर बदीन के नजदीक एक इलाके में ले जाया गया था, जहां नाबालिग होने के बावजूद उसका कथित रूप से जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और शादी कर दी गई।
एक अन्य मामले में सिंध के टांडो अल्लाहयार जिले में दो नाबालिग हिंदू बहनों को 29 अगस्त को कथित तौर पर अगवा कर जबरन इस्लाम कबूल कराया गया और उनकी शादी करा दी गई। पुलिस द्वारा उन्हें ढूंढ निकालने के बाद सत्र अदालत ने उन्हें उनके परिवार के पास भेजने की उनकी अपील के बावजूद आश्रय गृह भेज दिया।
टांडो अल्लाहयार से एक अन्य हिंदू लड़की नौ सितंबर से लापता है और उसका अब तक पता नहीं चल सका है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


