हवाई में भीषण बाढ़ के कारण 2,000 से अधिक लोग बिजली आपूर्ति से वंचित

Ads

हवाई में भीषण बाढ़ के कारण 2,000 से अधिक लोग बिजली आपूर्ति से वंचित

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 03:13 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 03:13 PM IST

होनोलूलू, 23 मार्च (एपी) हवाई द्वीप पर भारी बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ के कारण रविवार अपराह्न तक 2,000 से अधिक लोग बिजली आपूर्ति से वंचित रहे। यह बाढ़ 20 से अधिक वर्षों में आई सबसे भीषण बाढ़ बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, एक सप्ताह पहले आए शीतकालीन तूफान की बारिश से पहले से ही अत्यधिक गीली मिट्टी पर भारी वर्षा हुई जिससे उफनता पानी घरों और कई कारों को बहा ले गया। तूफान से लगभग एक अरब अमेरिकी डॉलर के नुकसान का अनुमान है।

तूफान के कारण होनोलूलू के उत्तर में 5,500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश जारी किए गए थे।

हालांकि, रविवार दोपहर तक किसी के भी मारे जाने की खबर नहीं मिली।

कंपनी के अनुसार, रविवार दोपहर तक ‘हवाईयन इलेक्ट्रिक’ कंपनी ने ओआहू के ‘नॉर्थ शोर’ पर स्थित वायलुआ में लगभग 1,200 लोगों की बिजली बहाल कर दी। बाढ़ के कारण शुक्रवार को एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।

कंपनी के अनुसार, माउई काउंटी में रविवार दोपहर लगभग 100 लोग बिना बिजली के रहे, जबकि हवाई द्वीप पर बिजली कटौती की सभी प्रमुख समस्याओं को दूर कर लिया गया है।

हवाई के मौसम विज्ञानी मैथ्यू फोस्टर ने ‘एपी’ को बताया कि तूफान का सबसे भीषण दौर अब समाप्त हो चुका है।

उन्होंने बताया कि आगे भी बाढ़ की घटनाएं हो सकती हैं लेकिन वे केवल छिटपुट स्थानों पर होंगी।

पिछले दो सप्ताह में आई बारिश के लिए ‘कोना लो’ नामक शीतकालीन तूफान प्रणाली जिम्मेदार रही है, जिनमें दक्षिणी या दक्षिण-पश्चिमी हवाएं नमी से भरी हवा लाती हैं।

एपी

प्रचेता नरेश

नरेश