म्यांमा में 50 टन से अधिक हेरोइन और अन्य मादक पदार्थ आग के हवाले किए गए

म्यांमा में 50 टन से अधिक हेरोइन और अन्य मादक पदार्थ आग के हवाले किए गए

म्यांमा में 50 टन से अधिक हेरोइन और अन्य मादक पदार्थ आग के हवाले किए गए
Modified Date: June 26, 2026 / 01:52 pm IST
Published Date: June 26, 2026 1:52 pm IST

यंगून (म्यांमा), 26 जून (एपी) म्यांमा के सबसे बड़े शहर यंगून के बाहरी इलाके में शुक्रवार को आसमान में काले धुएं के घने गुबार उठते दिखाई दिए, जब अधिकारियों ने 50 टन से अधिक हेरोइन, अफीम, केटामाइन, मेथामफेटामाइन, गांजा और क्रिस्टल मेथ सहित जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों को आग के हवाले किया।

देशभर में नष्ट किए गए इन मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य 60 करोड़ अमेरिकी डॉलर बताया गया।

म्यांमा में मादक पदार्थों के उत्पादन का लंबा इतिहास रहा है। यह दशकों से चले आ रहे सशस्त्र संघर्षों से उत्पन्न राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता से जुड़ा रहा है।

बार-बार की गई कार्रवाई के बावजूद म्यांमा लंबे समय से पूर्वी और दक्षिण-पूर्व एशिया में तस्करी किए जाने वाले अवैध मादक पदार्थों का प्रमुख स्रोत बना हुआ है। यह दुनिया में हेरोइन और मेथामफेटामाइन के सबसे बड़े उत्पादकों में से एक रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, 2021 में सेना द्वारा सत्ता पर कब्जा करने के बाद म्यांमा में पैदा हुई राजनीतिक अशांति के कारण मादक पदार्थों का उत्पादन बढ़ गया है।

जनवरी में सैन्य सरकार ने दावा किया था कि उसने देश के इतिहास में अवैध मादक पदार्थों और उन्हें बनाने वाले उपकरणों की सबसे बड़ी खेप जब्त की है। ये बरामदगी शान प्रांत के उत्तरी हिस्से में स्थित 12 मादक पदार्थ निर्माण केंद्रों पर की गई छापेमारी के दौरान हुई थी।

यांगून की मादक पदार्थ निरोधक पुलिस के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल आंग म्यात सोए ने संवाददाताओं को बताया कि इस वर्ष नष्ट किए गए मादक पदार्थों का बाजार मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।

आंग म्यात सोए ने बताया कि केवल यांगून में ही 31 प्रकार के मादक पदार्थ आग के हवाले किए गए, जिनका अनुमानित मूल्य 32.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर था।

एपी गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में