(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 14 जुलाई (भाषा) नासा के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन और दो रूसी अंतरिक्ष यात्री मंगलवार को कजाकिस्तान से सोयूज एमएस-29 अंतरिक्ष यान के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के आठ महीने के मिशन के लिए रवाना हुए।
अनिल मेनन तथा रूसी अंतिरक्षयात्रियों– प्योत्र डुब्रोव एवं अन्ना किकिना को लेकर यह अंतरिक्ष यान भारतीय समयानुसार रात आठ बजकर 17 मिनट पर बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से रवाना हुआ।
अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने में इस अंतरिक्ष यान को करीब तीन घंटे लगेंगे और यह पृथ्वी के दो चक्कर लगायेगा। इसके बाद यह भारतीय समयानुसार रात 11 बजकर 56 मिनट स्वत: स्टेशन के प्रिचाल मॉड्यूल से जुड़ जाएगा।
अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने के बाद ये तीनों अंतरिक्ष यात्री नासा के अंतरिक्ष यात्रियों– जेसिका मीर, जैक हैथवे और क्रिस विलियम्स, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की अंतरिक्ष यात्री सोफी एडेनोट तथा रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री सर्गेई कुद-स्वेर्चकोव, सर्गेई मिकाएव और आंद्रेई फेद्यायेव के साथ मिशन में शामिल हो जाएंगे।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप