लंदन, 22 सितंबर (एपी) दिवंगत राजकुमारी डायना के भाई की मंगलवार को प्रकाशित हुई एक किताब ने दुनिया भर में सुर्खियां बटोरी हैं। किताब में डायना के पूर्व पति और ब्रिटेन के वर्तमान महाराज चार्ल्स तृतीय के बारे में गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे ब्रिटेन के शाही परिवार में दशकों पुराने विवाद फिर सामने आ गए हैं।
“स्वॉन सॉन्ग: डायना, माई सिस्टर” नामक पुस्तक में डायना के भाई चार्ल्स स्पेंसर ने दावा किया है कि उन्होंने 1997 में डायना की अंतिम संस्कार यात्रा के दौरान उनके बेटों विलियम और हैरी के मां के ताबूत के पीछे चलने की योजना पर तत्कालीन राजकुमार चार्ल्स से बहस की थी। विलियम उस समय 15 जबकि हैरी 12 साल के थे।
उन्होंने लिखा कि अंतिम संस्कार के बाद उनका भांजा (हैरी) “बहुत कमजोर और दुखी” दिख रहा था।
स्पेंसर ने लिखा, “उसे निश्चित रूप से डायना को गले लगाने की जरूरत थी और वह चीज हमेशा के लिए उससे छिन गई थी। सुकून और देखभाल देने के बजाय, उसे उसके हाल पर छोड़ दिया गया।”
डायना की 36 साल की उम्र में पेरिस में कार दुर्घटना में मौत हो गई थी।
स्पेंसर का कहना है कि उन्होंने चार्ल्स से कहा था कि डायना शायद यह नहीं चाहतीं कि उनके बेटों को इस पीड़ा से गुजरना पड़े।
स्पेंसर का दावा है कि इस बात पर चार्ल्स “बहुत गुस्सा हो गए” और कहा, “यकीन मानिए, हम जल्द ही उन्हें (डायना को) भूल जाएंगे।”
स्पेंसर ने चार्ल्स पर डायना के प्रति तिरस्कार का भाव रखने का भी आरोप लगाया है और कहा है कि डायना की मौत के बाद वह “खुश नजर आ रहे थे”।
किताब के कुछ अंश पिछले सप्ताह प्रकाशित होने के बाद बकिंघम पैलेस ने एक कड़ा बयान जारी किया।
बयान में कहा गया है, “महामहिम (चार्ल्स) इस बात से अवगत हैं कि भाई-बहन को खोने का दर्द सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है।”
स्पेंसर अपने दावों पर कायम हैं और उन्होंने बीबीसी से कहा कि वह सच बता रहे हैं। शाही परिवार के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने सवाल किया, “क्या वह (चार्ल्स तृतीय) गुस्से में हैं या शर्मिंदा हैं?”
सेंटर पॉल कैथेडरल में 1981 में विवाह के समय चार्ल्स 32 जबकि डायना 20 साल की थीं। दोनों का 1996 में तलाक हो गया और इसके एक दशक बाद चार्ल्स ने कैमिला पार्कर बाउल्स से शादी की, जो अब ब्रिटेन की महारानी हैं।
स्पेंसर ने अपनी किताब में शाही परिवार की आलोचना करते हुए कहा है कि उस समय 12 साल के हैरी के प्रति “ देखभाल की स्पष्ट कमी” थी।
कुछ आलोचकों ने सवाल किया है कि स्पेंसर ने 30 साल बाद उस दर्द और सदमे को फिर से सामने लाने की जरूरत क्यों महसूस की।
इसपर स्पेंसर ने कहा कि वह डायना के बारे में अपने विचारों और यादों को दोबारा सामने लाना चाहते थे ताकि उन्हें बार-बार दूसरों की राय न पढ़नी पड़े, जिनमें से कई “सच्चाई पर आधारित नहीं हैं।”
पेंग्विन प्रेस ने कहा कि यह किताब दुनियाभर में प्रकाशित की जाएगी और इसका 12 भाषाओं में अनुवाद किया जाएगा।
एपी जोहेब प्रशांत
प्रशांत