नेपाल : चीन के राजदूत ने बालेंद्र शाह से मुलाकात की, द्विपक्षीय संबंधों पर की चर्चा
नेपाल : चीन के राजदूत ने बालेंद्र शाह से मुलाकात की, द्विपक्षीय संबंधों पर की चर्चा
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 10 अगस्त (भाषा) नेपाल में चीन के राजदूत झांग माओमिंग ने सोमवार को प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों, आपसी हितों, विकास में साझेदारी और सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक चीन के राजदूत झांग ने सिंहदरबार में प्रधानमंत्री शाह से शिष्टाचार मुलाकात की।
एक बयान के मुताबिक, ‘‘इस मौके पर नेपाल-चीन संबंधों को और मजबूत करने, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने और विकास में साझेदारी को आगे बढ़ाने से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई।’’
इससे पहले दिन में, नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री शाह से मुलाकात की। अमेरिकी दूतावास के प्रभारी मंगलवार को नेपाल के प्रधानमंत्री से मिलेंगे।
शाह ने इससे पहले राजदूतों से व्यक्तिगत मुलाकात करने से परहेज किया था और अमेरिका के दक्षिण व मध्य एशियाई मामलों के लिए उप विदेशमंत्री समीर पॉल कपूर और दक्षिण व मध्य एशिया के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत सर्जियो गोर से मिलने से भी मुलाकात से इनकार कर दिया था।
शाह ने स्वयं के लिए तय की गई नीति को दरकिनार करके एशियाई विकास बैंक के अध्यक्ष मासातो कांडा के साथ आमने-सामने की मुलाकात की थी। कांडा छह जुलाई को नेपाल की तीन दिवसीय यात्रा पर आए थे।
प्रधानमंत्री शाह ने पद संभालने के बाद से अबतक दक्षिण या उत्तर के पड़ोसी देशों की यात्रा नहीं की है। इसके बजाय, विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने जून में नयी दिल्ली और बीजिंग की यात्रा की थी।
भाषा धीरज नेत्रपाल अमित
अमित

Facebook


