(शिरीष बी. प्रधान)
काठमांडू, 23 जून (भाषा) नेपाल की एक विशेष अदालत ने मंगलवार को धन शोधन के मामले में जांचकर्ताओं को पूर्व वित्त मंत्री विष्णु पौडेल की सात दिन की हिरासत सौंप दीं।
धन शोधन जांच विभाग (डीएमएलआई) ने मंगलवार को पौडेल को अदालत में पेश किया और गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत में रखने के लिए न्यायिक अनुमति मांगी।
उन्हें एक विवादित कारोबारी से जुड़ी धन शोधन की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था, वह कारोबारी अभी धन शोधन के मामले में हिरासत में है।
अदालत ने सात दिन की हिरासत को मंजूरी दे दी, जिससे जांचकर्ताओं को जांच जारी रखने की अनुमति मिल गई।
सीपीएन-यूएमएल के उपाध्यक्ष पौडेल, के.पी. ओली की सरकार में वित्त मंत्री थे। उन्हें सोमवार को डीएमएलआई ने संपत्ति जमा करने के आरोप में हिरासत में लिया।
पौडेल को सुरखेत जिले के एक होटल से गिरफ्तार किया गया, जहां वे सोमवार को सीपीएन-यूएमएल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे।
गिरफ्तारी के एक दिन बाद, मंगलवार को उन्हें काठमांडू लाया गया।
भाषा प्रशांत माधव
माधव