(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 23 जून (भाषा) भारत-अमेरिका के बीच सहयोग को और बढ़ावा देने तथा भारतीय-अमेरिकियों की चिंताओं को प्रमुखता से उठाने के लिए एक भारतीय-अमेरिकी समूह ने मंलवार को कैपिटल हिल (संसद परिसर) में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस (अमेरिकी सांसदों) के कर्मचारियों से संपर्क किया।
‘द फाउंडेशन फॉर इंडिया एंड इंडियन डायस्पोरा स्टडीज (एफआईआईडीएस)’ ने 125 से अधिक निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के कार्यालयों से संपर्क किया, ताकि पांच अहम मुद्दों पर चर्चा की जा सके, जिनमें हिंद प्रशांत क्षेत्र में व्यापार और सुरक्षा, अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी, भारतीय-अमेरिकियों का योगदान और उनकी चिंताएं, अमेरिका में नवाचार के लिए आव्रजन में सुधार और जरूरी खनिजों की आपूर्ति शृंखला की सुरक्षा शामिल है।
एफआईआईडीएस के नीति और रणनीति मामलों के प्रमुख खंडेराव कंद ने एक बयान में कहा, “यह प्रभाव को नीतिगत असर में बदलने का समय है।”
उन्होंने कहा, “भारतीय-अमेरिकी प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, शिक्षा, आतिथ्य, स्वास्थ्य देखभाल, छोटे कारोबार और कृषि जैसे क्षेत्रों में योगदान देते हैं। हमारा समुदाय यह सुनिश्चित करने में लगा है कि कांग्रेस उन मुद्दों को समझे, जो अमेरिका के भविष्य के लिए सबसे ज्यादा अहम हैं।”
भाषा पारुल माधव
माधव