नेपाल के पूर्व राजा के हवाई अड्डे पर पहुंचने पर समर्थकों ने राजशाही की बहाली की मांग की

Ads

नेपाल के पूर्व राजा के हवाई अड्डे पर पहुंचने पर समर्थकों ने राजशाही की बहाली की मांग की

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 06:10 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 06:10 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 13 फरवरी (भाषा) नेपाल के पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र शाह के कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को यहां पहुंचने पर सैकड़ों समर्थक हवाई अड्डे पर जमा हो गए और राजशाही की बहाली की मांग की।

पूर्व नरेश के काठमांडू हवाई अड्डे पर उतरते ही उनके समर्थकों ने तख्तियां लिए हुए नारे लगाए “हम अपने राष्ट्र को बचाने के लिए राजा ज्ञानेंद्र को वापस चाहते हैं”।

काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय द्वारा त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्र में पांच से अधिक लोगों के जमावड़े पर प्रतिबंध लगाने वाले निषेधाज्ञा आदेशों के बावजूद पूर्व नरेश के समर्थक हवाई अड्डे पर जमा हो गए।

नेपाल ने 2008 में राजशाही को समाप्त कर दिया था, लेकिन आर्थिक संकट और राजनीतिक अस्थिरता के बीच पिछले साल राजशाही समर्थक प्रदर्शन फिर से शुरू हो गए।

हवाई अड्डे के आसपास के इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।

राजतंत्र समर्थक राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के कार्यकर्ता, जिनका नेतृत्व वरिष्ठ नेता कमल थापा कर रहे हैं, और नवराज सुबेदी और चिकित्सा पेशेवर दुर्गा प्रसाई के नेतृत्व में विभिन्न अन्य समर्थक समूह शुक्रवार सुबह से ही हवाई अड्डे के क्षेत्र में जमा हो गए थे।

काठमांडू में बृहस्पतिवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान, प्रसाई ने कहा कि वे पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव से पहले राजशाही संस्था को बहाल करना चाहते हैं।

उन्होंने दावा किया कि देश में हिंदू राजा को फिर से स्थापित करने के उनके एजेंडे का समाधान किये बिना चुनाव नहीं हो सकते।

भाषा प्रशांत रंजन

रंजन