अबूजा (नाइजीरिया), 27 फरवरी (एपी) नाइजीरिया के राष्ट्रपति चुनाव में तीन प्रमुख दावेदारों में से प्रत्येक ने सोमवार को जीत हासिल करने का दावा किया। अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश नाइजीरिया में गत शनिवार को मतदात हुआ था।
नाइजीरिया के 36 राज्यों में से केवल चार ने सोमवार दोपहर तक आधिकारिक तौर पर परिणामों की घोषणा की, जिनमें से तीन राज्यों में सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार बोला टीनुबू ने जीत हासिल की। चौथे राज्य में मुख्य विपक्षी दल उम्मीदवार अतिकु अबूबकर ने जीत हासिल की।
लेबर पार्टी के पीटर ओबी भी प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। विजेता की घोषणा कम से कम मंगलवार तक होने की उम्मीद नहीं है। 2019 में पिछले राष्ट्रपति चुनाव के बाद, अधिकारियों को विजेता घोषित करने में चार दिन लग गए थे।
सोमवार को, अफ्रीकी यूनियन पर्यवेक्षक मिशन ने कहा कि 80 प्रतिशत से अधिक मतदान इकाइयों में मतदान में विलंब हुआ। नाइजीरिया में नकदी की कमी के चलते शनिवार को मतदाताओं और मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाई हुई।
कुछ राज्यों में मतदाताओं को मतदान करने के लिए देर शाम तक इंतजार करना पड़ा, जबकि अन्य राज्यों में रविवार को मतदान जारी रहा।
एपी अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल