रूस के कई इलाकों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में नौ लोगों की मौत, 80 से अधिक घायल

रूस के कई इलाकों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में नौ लोगों की मौत, 80 से अधिक घायल

रूस के कई इलाकों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में नौ लोगों की मौत, 80 से अधिक घायल
Modified Date: July 19, 2026 / 10:35 am IST
Published Date: July 19, 2026 10:35 am IST

मॉस्को, 19 जुलाई (एपी) यूक्रेन ने रूस में रातभर और शनिवार दोपहर ड्रोन से हमले किए जिनमें दो बड़े गोदाम क्षतिग्रस्त हो गए और कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई,वहीं 80 से अधिक लोग घायल हुए। रूस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यूक्रेन की सेना लगातार रूस के भीतर ऊर्जा अवसंरचना और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले कर रही है। इसका उद्देश्य रूस के युद्ध प्रयासों को कमजोर करना है।

रूसी अधिकारियों के अनुसार, देश की प्रमुख ऑनलाइन रिटेल कंपनी ‘वाइल्डबेरीज’ के दो विशाल गोदाम रात में यूक्रेनी ड्रोन हमलों का शिकार बने। इनमें से एक यूक्रेन की सीमा से लगभग 360 किलोमीटर दूर तांबोव क्षेत्र के कोटोव्स्क शहर में और दूसरा मॉस्को से लगभग 50 किलोमीटर पूर्व स्थित इलेक्ट्रोस्टाल शहर में है।

मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि एक यूक्रेनी ड्रोन ने इलेक्ट्रोस्टाल के उत्तर में स्थित नोगिंस्क शहर के एक तेल डिपो को भी निशाना बनाया, जिससे वहां आग लग गई। एहतियात के तौर पर पास के प्रसूति अस्पताल और एक आवासीय इमारत को खाली कराया गया। ड्रोन का मलबा एक किंडरगार्टन भवन पर भी गिरा, जिससे आग लग गई हालांकि इसे बाद में बुझा लिया गया।

तांबोव क्षेत्र के गवर्नर येवगेनी पेर्विशोव ने बताया कि कोटोव्स्क स्थित गोदाम में रात की पाली में काम कर रहे सात कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हुए।

वोरोब्योव के अनुसार, मॉस्को क्षेत्र में कुल 61 लोग घायल हुए। इनमें से 20 लोगों का बाह्य रोगी (ओपीडी) के रूप में इलाज किया गया, जबकि 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में से एक व्यक्ति की बाद में मौत हो गई।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर रूस के बेलगोरोद क्षेत्र में हुए एक अन्य यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

वाइल्डबेरीज़ की संस्थापक तात्याना किम ने बताया कि दोनों गोदामों में आग लग गई थी। कोटोव्स्क स्थित गोदाम की आग पर काबू पा लिया गया। रूसी मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में इलेक्ट्रोस्टाल के गोदाम में भीषण आग और आसमान में उठता घना धुआं दिखाई दिया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़लेंस्की ने शनिवार को एक पोस्ट में कहा कि यूक्रेन के लंबी दूरी तक मार करने वाले हमलों ने मॉस्को और तांबोव क्षेत्रों में स्थित दो ‘महत्वपूर्ण केंद्रों’ को निशाना बनाया।

मॉस्को से लगभग 180 किलोमीटर पूर्व स्थित व्लादिमीर शहर में भी एक यूक्रेनी ड्रोन एक रिहायशी इमारत से टकराया, जिससे थोड़ी देर के लिए आग लग गई। व्लादिमीर क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर अवदेयेव ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के विशेष अभियान में आज़ोव सागर और रूस के कब्जे वाले क्षेत्रों में भी कई लक्ष्यों पर हमले किए गए।

यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि नोगिंस्क के जिस ईंधन डिपो को निशाना बनाया गया, वह रूसी सशस्त्र बलों को ईंधन की आपूर्ति करता था।

बयान में यह भी कहा गया कि काला सागर और आज़ोव सागर में दो तेल टैंकरों, दो तैरती क्रेनों और एक टगबोट पर भी हमला किया गया। यूक्रेन का दावा है कि इन जहाजों का उपयोग तेल, ईंधन और सैन्य सामान की ढुलाई के लिए किया जा रहा था।

वहीं रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ने रातभर में रूस के 19 क्षेत्रों, कब्जाए गए क्षेत्र क्रीमिया, आज़ोव सागर और काला सागर के ऊपर कुल 379 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया।

एपी शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में