फ्लोरिडा से आई नौका से हमारे सैनिकों पर गोली चलाई गई, बाद में हमने चार लोगों को मार गिराया: क्यूबा

फ्लोरिडा से आई नौका से हमारे सैनिकों पर गोली चलाई गई, बाद में हमने चार लोगों को मार गिराया: क्यूबा

फ्लोरिडा से आई नौका से हमारे सैनिकों पर गोली चलाई गई, बाद में हमने चार लोगों को मार गिराया: क्यूबा
Modified Date: February 26, 2026 / 09:13 am IST
Published Date: February 26, 2026 9:13 am IST

हवाना, 26 फरवरी (एपी) क्यूबा की सरकार ने बुधवार देर रात कहा कि उनके सैनिकों पर गोली चलाने वाले नौका सवार 10 लोग क्यूबा के हथियारबंद नागरिक थे, जो अमेरिका में रहते थे और द्वीप में घुसपैठ करके आतंकवाद फैलाने की कोशिश कर रहे थे।

इससे कुछ घंटे पहले क्यूबा ने कहा था कि उसके सैनिकों ने फ्लोरिडा के पंजीकरण वाली एक स्पीड बोट पर सवार चार लोगों को मार गिराया और छह अन्य को घायल कर दिया। उसका दावा था कि नौका क्यूबा के जलक्षेत्र में घुस आई थी और उसकी तरफ से पहले सैनिकों पर गोली चलाई गई, जिसमें क्यूबा का एक अधिकारी घायल हो गया।

क्यूबा की सरकार ने कहा कि नाव पर सवार 10 लोगों में से ज्यादातर का ‘‘आपराधिक और हिंसक गतिविधियों का इतिहास रहा है।’’

उसने उनमें से दो की पहचान अमीजाइल सांचेज गोंजालेज और लिओर्डन एनरिक क्रूज गोमेज के रूप में की, जो ‘‘आतंकवादी कृत्यों के संबंध में देश के क्षेत्रों या दूसरे देशों में गतिविधियों को बढ़ावा देने, साजिश रचने, वित्तपोषण करने, समर्थन करने या उन्हें अंजाम देने में शामिल होने के आधार पर’’ क्यूबा के अधिकारियों के लिए वांछित हैं।

सरकार ने कहा कि उसने डुनिएल हर्नांडेज सैंटोस को भी गिरफ्तार किया है, जिसे ‘‘हथियारबंद घुसपैठ के लिए अमेरिका से भेजा गया था और जिसने इस समय अपने कृत्यों को कबूल कर लिया है।’’

एसोसिएटेड प्रेस (एपी) इस जानकारी की तत्काल पुष्टि नहीं कर सकी।

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पहले संवाददाताओं से कहा था कि उन्हें इस घटना के बारे में पता चला है और अमेरिका अब यह पता लगाने के लिए अपनी जानकारी इकट्ठा कर रहा है कि क्या पीड़ित अमेरिकी नागरिक थे या स्थायी निवासी थे।

रुबियो ने सेंट किट्स के बैसेतेरे हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत की। वह कैरिबियाई नेताओं के साथ एक क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए यहां आए थे।

उन्होंने अटकलें लगाने से बचते हुए कहा, ‘‘कई तरह की चीजें हो सकती हैं, और अमेरिका सिर्फ क्यूबा के अधिकारियों द्वारा अब तक दी गई जानकारी पर निर्भर नहीं रहेगा।’’

रुबियो ने कहा, ‘‘बस इतना कहना काफी है कि खुले समुद्र में इस तरह की गोलीबारी देखना बहुत अजीब है। ऐसा रोज नहीं होता। सच कहूं तो, क्यूबा के साथ बहुत लंबे समय से ऐसा नहीं हुआ है।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिका का गृह सुरक्षा विभाग और अमेरिकी तटरक्षक दोनों इस घटना की जांच कर रहे हैं।

एपी वैभव सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में