भारत से 300 से अधिक सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान पहुंचे

भारत से 300 से अधिक सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान पहुंचे

भारत से 300 से अधिक सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान पहुंचे
Modified Date: June 21, 2026 / 09:13 pm IST
Published Date: June 21, 2026 9:13 pm IST

(एम. जुल्करनैन)

लाहौर, 21 जून (भाषा) महाराजा रणजीत सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित स्मृति कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रविवार को 300 से अधिक सिख तीर्थयात्री वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत से पाकिस्तान पहुंचे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

रणजीत सिंह सिख साम्राज्य के संस्थापक और पहले महाराजा थे, जिन्होंने 1801 से 1839 में अपनी मृत्यु तक शासन किया।

‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) के प्रवक्ता गुलाम मोहिउद्दीन के अनुसार, बोर्ड और धार्मिक मामलों के मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने 337 भारतीय सिख तीर्थयात्रियों का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह 29 जून को लाहौर के गुरुद्वारा डेरा साहिब में आयोजित किया जाएगा।

मोहिउद्दीन ने कहा कि इस कार्यक्रम में पाकिस्तान और दूसरे देशों से हजारों सिख श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

ईटीपीबी के अतिरिक्त सचिव नासिर मुश्ताक ने बताया कि वाघा बॉर्डर पर तीर्थयात्रियों के पहुंचने पर उनके लिए एक विशेष लंगर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में