पाकिस्तान: दोहरे आत्मघाती हमलों में मृतकों की संख्या बढ़कर 60 हुई

Ads

पाकिस्तान: दोहरे आत्मघाती हमलों में मृतकों की संख्या बढ़कर 60 हुई

  •  
  • Publish Date - September 30, 2023 / 08:14 PM IST,
    Updated On - September 30, 2023 / 08:14 PM IST

कराची, 30 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत और खैबर पख्तूनख्वा में हुए दो अलग-अलग आत्मघाती विस्फोटों में मृतकों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है।

आतंकवाद रोधी विभाग ने बताया कि बलूचिस्तान में हुए विस्फोटों के सिलसिले में उन्होंने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की।

पाकिस्तान से प्रकाशित ‘डॉन’ अखबार की खबर के मुताबिक शुक्रवार को बलूचिस्तान के मस्तांग जिले में स्थित मदीना मस्जिद के नजदीक पैगंबर मुहम्मद के जन्मदिन पर आयोजित जुलूस पर किए गए हमले में 55 लोगों की मौत हो गई और 60 से अधिक अन्य घायल हुए हैं।

अखबार के मुताबिक दूसरा आत्मघाती हमला खैबर पख्तूनख्वा के हांगू शहर में पुलिस थाना स्थित मस्जिद को निशाना बनाकर किया गया जिससे मस्जिद की छत गिर गई और उसकी चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 12 अन्य घायल हो गए।

‘डॉन’ ने आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के हवाले से शनिवार को खबर दी कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या और आतंकवाद की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

खबर के मुताबिक, ‘‘अबतक किसी संगठन ने इन हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, वहीं पूर्व में पाकिस्तान में कुछ बड़े हमलों के लिए जिम्मेदार रहे प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने भी अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।’’

भाषा धीरज वैभव

वैभव