(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, आठ अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने बुधवार को अमेरिका और ईरान को इस्लामाबाद में वार्ता के लिए आमंत्रित किया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिका और ईरान ने तत्काल संघर्षविराम पर सहमति जताई है।
उन्होंने कहा, “मुझे यह घोषणा करते हुए अत्यधिक प्रसन्नता हो रही है कि ईरान और अमेरिका ने अपने सहयोगियों के साथ लेबनान समेत हर जगह तत्काल प्रभाव से संघर्षविराम पर सहमति जताई है।’’
शरीफ ने बताया कि पाकिस्तान ने दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों को 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में आमने-सामने बातचीत के लिए आमंत्रित किया है, ताकि “सभी विवादों का समाधान” निकाला जा सके।
प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित “इस्लामाबाद वार्ता” क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता स्थापित करने में मददगार साबित होगी।
यह घटनाक्रम 28 फरवरी से जारी संघर्ष को खत्म को कम करने के पाकिस्तान के कूटनीतिक प्रयासों के बाद आया है। यह संघर्ष उस समय निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया था जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सभ्यता को मिटा देने की चेतावनी दी थी।
शरीफ ने इससे पहले मध्यरात्रि के आसपास ‘एक्स’ पर की गई एक पोस्ट में भी इस मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए कूटनीतिक प्रयासों पर जोर दिया था।
उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए कूटनीतिक प्रयास लगातार, मजबूती के साथ और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहे हैं, और निकट भविष्य में ठोस परिणाम निकलने की उम्मीद है।”
उन्होंने यह भी कहा था, ‘कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने का अवसर देने के लिए, मैं राष्ट्रपति ट्रंप से दो सप्ताह के लिए समय-सीमा बढ़ाने का अनुरोध करता हूं।”
भाषा जोहेब सुरभि
सुरभि