पाकिस्तान के मंत्री अरोड़ा ने सिख दंपति की हत्या के जिम्मेदार लोगों के लिए कड़ी सज़ा की मांग की

पाकिस्तान के मंत्री अरोड़ा ने सिख दंपति की हत्या के जिम्मेदार लोगों के लिए कड़ी सज़ा की मांग की

पाकिस्तान के मंत्री अरोड़ा ने सिख दंपति की हत्या के जिम्मेदार लोगों के लिए कड़ी सज़ा की मांग की
Modified Date: June 20, 2026 / 11:14 pm IST
Published Date: June 20, 2026 11:14 pm IST

पेशावर, 20 जून (भाषा) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने शनिवार को उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक गुरुद्वारे के भीतर सिख दंपति की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की।

मृतक दंपति की पहचान जगन्नाथ और उनकी पत्नी आसमा वंती के रूप में हुई है। दोनों पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित मरदान जिले के बाबू मोहल्ला स्थित गुरुद्वारे में सेवादार थे।

बुधवार को गुरुद्वारे के भीतर ही गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी।

अरोड़ा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जांच एजेंसियों से हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने और मामले के सभी पहलुओं की जांच करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य की बुनियादी जिम्मेदारी है।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री अरोड़ा ने खैबर पख्तूनख्वा पुलिस से मामले की गहन और निष्पक्ष जांच करने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि इस हत्या से पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचा है और दुनिया भर के सिख समुदायों में चिंता एवं दुख का भाव पैदा हुआ है।

अरोड़ा ने गिरफ्तार संदिग्ध को सख्त सजा देने की मांग की और धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर किए जाने वाले अपराधों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाने का आग्रह किया।

मंत्री ने प्राथमिकी दर्ज कराने वाले व्यक्तियों तथा मृतकों के परिजनों को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की।

मुख्य संदिग्ध की पहचान अमाजुगरी निवासी शेर शाह के रूप में हुई है, जिसे बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।

मरदान के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) मसूद अहमद बंगश ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों वाली संयुक्त जांच टीम की पड़ताल में अब तक ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे संदिग्ध का संबंध किसी आतंकवादी संगठन या संगठित नेटवर्क से होने की पुष्टि होती हो।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में