पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने ईरान के राष्ट्रपति को फोन करके क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने ईरान के राष्ट्रपति को फोन करके क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 26 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान को फोन करके क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की।
शनिवार शाम को टेलीफोन पर दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामाबाद के दौरे पर थे।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार बातचीत के दौरान शरीफ ने एक ‘ईमानदार और सच्चे’ मध्यस्थ के रूप में भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जतायी।
पीएमओ ने कहा, “50 मिनट तक चली गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति और क्षेत्र में शांति व स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए जारी प्रयासों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।”
पीएमओ के अनुसार प्रधानमंत्री शहबाज ने पे़जेश्कियान को अपने हालिया कूटनीतिक प्रयासों के बारे में जानकारी दी, जिसके तहत उन्होंने विभिन्न वैश्विक नेताओं से संवाद किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार उन्होंने यह भी बताया कि इन वार्ताओं ने निरंतर संवाद और कूटनीति के पक्ष में एक व्यापक सहमति बनाने में योगदान दिया है, जिसका उद्देश्य युद्ध प्रभावित क्षेत्र में स्थायी शांति हासिल करना है।
पीएमओ के अनुसार राष्ट्रपति पे़जेश्कियान ने शांति प्रयासों में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रधानमंत्री शहबाज, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और उप प्रधानमंत्री इस्हाक डार का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि उन्होंने ईरान की शांति की इच्छा व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि ईरान और पाकिस्तान के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध भविष्य में और मजबूत होंगे।
भाषा जोहेब अमित
अमित

Facebook


