(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, चार अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की जमा वित्तीय संपत्तियों को वापस करने के संबंध में सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों को ‘‘भ्रामक’’ बताते हुए खारिज कर दिया और खाड़ी देश के साथ अपनी मजबूत साझेदारी की पुष्टि की।
सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं की प्रतिक्रिया उन मीडिया रिपोर्ट के जवाब में आई है जिनमें कहा गया है कि संयुक्त अरब अमीरात ने पाकिस्तान से अपने तीन अरब अमेरिकी डॉलर वापस करने को कहा है, जो पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की एक शर्त को पूरा करने के लिए अपने भुगतान संतुलन को बनाए रखने के लिए स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) में जमा किए थे।
विदेश कार्यालय ने एक बयान में पुष्टि की कि ये जमा राशि ‘‘द्विपक्षीय वाणिज्यिक समझौतों’’ के तहत रखी गई थी, जो पाकिस्तान की आर्थिक स्थिरता एवं समृद्धि के लिए यूएई के मजबूत समर्थन को दर्शाती है।
इसमें कहा गया है, ‘‘तदनुसार, आपसी सहमति से तय शर्तों के तहत, पाकिस्तान सरकार एसबीपी के माध्यम से परिपक्व जमा राशि यूएई को वापस कर रही है। यह एक नियमित वित्तीय लेनदेन है, और इसे अन्यथा दर्शाने का कोई भी प्रयास गलत और भ्रामक है।’’
भाषा शफीक प्रशांत
प्रशांत