पश्चिम एशिया युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं: पाकिस्तान
पश्चिम एशिया युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं: पाकिस्तान
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 30 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को खत्म करने और क्षेत्र में शांति व स्थिरता बहाल करने के लिए अमेरिका और ईरान के साथ सक्रिय रूप से संपर्क बनाए हुए है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पाकिस्तान में कूटनीतिक माध्यमों से जो भी बात हुई है, वह ईमानदारी से दूसरे पक्ष तक पहुंचाई गई है।”
उन्होंने कहा कि कूटनीतिक प्रक्रिया रुकी नहीं है, बल्कि लगातार जारी है।
अंद्राबी ने कहा, “हम इस मामले में संबंधित पक्षों के संपर्क में हैं। हमें उम्मीद है कि शांति स्थापित होगी।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस मुद्दे के बातचीत के जरिए समाधान को लेकर आशान्वित है और “दोनों पक्षों के बीच सीधे संवाद को प्रोत्साहित करता है।”
उन्होंने ईरान और अमेरिका के बीच “स्थिर संबंधों” की भी उम्मीद जताई। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता पाकिस्तान के प्रयासों के बावजूद नहीं हो सकी।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सप्ताहांत में 48 घंटे में पाकिस्तान के दो संक्षिप्त दौरे किए और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर तथा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की।
अमेरिकी वार्ताकार भी बातचीत के लिए इस्लामाबाद आने को तैयार थे, लेकिन बैठक नहीं हो सकी।
भाषा जोहेब वैभव
वैभव

Facebook


