पाकिस्तान: पुलिस ड्रोन हमले में चार नागरिकों की मौत के बाद तीन थाना प्रभारी निलंबित
पाकिस्तान: पुलिस ड्रोन हमले में चार नागरिकों की मौत के बाद तीन थाना प्रभारी निलंबित
कराची, 23 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक पुलिस अभियान के दौरान ड्रोन के संचालन में लापरवाही से दो बच्चों समेत चार नागरिकों की मौत के मामले में तीन थाना प्रभारियों (एसएचओ) को निलंबित कर दिया गया है। एक वरिष्ठ मंत्री ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना बुधवार को खैरपुर जिले के खैरपुर कस्बे के बाहरी इलाके में स्थित सईद लाखो गांव में हुई, जहां पुलिस ने डकैतों के ठिकानों का पता लगाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया था। हालांकि, इस दौरान चार नागरिकों की जान चली गई।
इस घटना के बाद प्रभावित धारीजा समुदाय के लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात बुरी तरह बाधित हुआ।
प्रांत के गृह मंत्री जिया-उल-हसन लंझर ने कराची में पत्रकारों से कहा कि सुक्कुर रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) की अध्यक्षता वाली जांच समिति की सिफारिश पर संबंधित क्षेत्र के तीन एसएचओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मंत्री ने कहा, ‘पुलिस ने बुधवार सुबह संदिग्ध डकैतों के खिलाफ अभियान संचालित किया, जिसमें मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन नहीं किया गया। इसमें चार लोग मारे गए और उनके परिजनों का दावा है कि वे निर्दोष नागरिक थे।’
गृह मंत्री ने कहा कि मामले की व्यापक जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निलंबित एसएचओ को जांच के दौरान कराची स्थित मुख्यालय से संबद्ध (रिपोर्ट करने के निर्देश) कर दिया गया है और उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


