चीन के साथ संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने पर स्मारक सिक्का जारी करेगा पाकिस्तान

चीन के साथ संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने पर स्मारक सिक्का जारी करेगा पाकिस्तान

चीन के साथ संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने पर स्मारक सिक्का जारी करेगा पाकिस्तान
Modified Date: May 22, 2026 / 12:20 pm IST
Published Date: May 22, 2026 12:20 pm IST

इस्लामाबाद, 22 मई (भाषा) पाकिस्तान ने चीन के साथ राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 75 पाकिस्तानी रुपये का एक विशेष स्मारक सिक्का जारी करने की घोषणा की है।

पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना के दो साल से भी कम समय में 1951 में पाकिस्तान और चीन ने औपचारिक राजनयिक संबंध स्थापित किए। पाकिस्तान पहला मुस्लिम राष्ट्र था जिसने बीजिंग के साथ राजनयिक संबंध स्थापित किए।

स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि यह स्मारक सिक्का 25 मई से देश भर में स्थित उसके बैंकिंग काउंटरों के माध्यम से जनता के लिए उपलब्ध होगा।

स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तान और चीन के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में, पाकिस्तान सरकार ने 75 रुपये का एक स्मारक सिक्का जारी करने का निर्णय लिया है। यह सिक्का 25 मई, 2026 से एसबीपी बैंकिंग के काउंटरों के माध्यम से आम जनता के लिए उपलब्ध होगा।’’

पाकिस्तान और चीन को व्यापक रूप से ‘‘सदाबहार सहयोगी’’ के रूप में वर्णित किया जाता है, और दोनों देशों के बीच दशकों से रक्षा, अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे और कूटनीतिक मामलों में घनिष्ठ सहयोग है।

चीन पाकिस्तान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और एक प्रमुख निवेशक भी है, विशेष रूप से कई अरब डॉलर वाली चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा परियोजना के माध्यम से, जो बीजिंग की महत्वाकांक्षी ‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ की एक प्रमुख योजना है।

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में