पाकिस्तान ने अमेरिका, ईरान से बातचीत फिर से शुरू करने का आग्रह किया

पाकिस्तान ने अमेरिका, ईरान से बातचीत फिर से शुरू करने का आग्रह किया

पाकिस्तान ने अमेरिका, ईरान से बातचीत फिर से शुरू करने का आग्रह किया
Modified Date: July 16, 2026 / 03:13 pm IST
Published Date: July 16, 2026 3:13 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 16 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को अमेरिका और ईरान से दुश्मनी खत्म करने और बातचीत फिर से शुरू करने की अपील की।

दोनों पक्षों के बीच फिर से हुए सैन्य हमलों से उनके अंतरिम शांति समझौते के पटरी से उतरने तथा क्षेत्र में और अस्थिरता फैलने का खतरा पैदा हो गया है।

साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने अंतरिम शांति समझौते के सामने आ रही चुनौतियों को स्वीकार किया।

पिछले महीने हुए इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (एमओयू) के बाद तकनीकी स्तर की बातचीत शुरू हुई, जिसका मकसद 60 दिनों के भीतर शांति के लिए स्थायी समझौता करना था।

पिछले हफ्ते अमेरिका और ईरान द्वारा हमले फिर से शुरू करने के बाद हालांकि यह प्रक्रिया रुक गई।

अंद्राबी ने कहा कि पिछले एक हफ्ते से जारी तनाव के बीच, “पाकिस्तान सभी पक्षों से फिर अपील करता है कि वे ज्यादा से ज्यादा संयम बरतें और ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचें जिससे शांति और स्थिरता को और नुकसान पहुंचे।”

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान सभी पक्षों को हिंसा खत्म करने और तकनीकी स्तर की बातचीत फिर से शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा। हमें उम्मीद है कि सभी पक्ष अपने लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत और कूटनीति के रास्ते पर बने रहेंगे।”

इस्लामाबाद के रुख को दोहराते हुए, अंद्राबी ने कहा कि स्थायी शांति, स्थिरता और प्रगति हासिल करने के लिए लगातार बातचीत, संवाद और कूटनीति का कोई विकल्प नहीं है।

हमलों का यह ताजा दौर तब शुरू हुआ जब अमेरिका ने ईरान पर अपने सैन्य हमलों का दायरा बढ़ाया, जिसके जवाब में तेहरान ने बहरीन, जॉर्डन और कुवैत को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इससे इलाके में बड़े संघर्ष का डर पैदा हो गया है।

भाषा प्रशांत मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में