पाकिस्तानी मंत्री और अमेरिकी उप राजदूत ने अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर के प्रयासों पर चर्चा की
पाकिस्तानी मंत्री और अमेरिकी उप राजदूत ने अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर के प्रयासों पर चर्चा की
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 23 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बृहस्पतिवार को अमेरिकी उप राजदूत नताली बेकर से मुलाकात की और इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर के आयोजन के लिए राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
यह बैठक ईरान और अमेरिका को, संभवतः सप्ताहांत तक बातचीत की मेज पर लाने के उद्देश्य से तेज किए गए राजनयिक प्रयासों के बीच हुई है।
गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नकवी और बेकर ने एक ‘‘महत्वपूर्ण बैठक’’ की, जिसमें उन्होंने क्षेत्र की नवीनतम स्थिति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया और दूसरे दौर की प्रस्तावित शांति वार्ता से संबंधित राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की।
नकवी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से युद्धविराम बढ़ाने की पहल का स्वागत करते हुए इसे ‘‘सकारात्मक कदम’’ बताया। उन्होंने कहा कि इससे तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
मंत्री ने कहा, ‘‘हम ईरान की ओर से भी सकारात्मक प्रगति की उम्मीद करते हैं।’’ नकवी और बेकर ने पश्चिम एशिया संघर्ष के स्थायी समाधान के लिए कूटनीतिक माध्यम को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
बयान के अनुसार, नकवी ने बेकर को बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रक्षा बलों के प्रमुख (सीडीएफ) फील्ड मार्शल आसिम मुनीर शांतिपूर्ण समाधान के लिए ‘‘हर स्तर पर पूरी कोशिश’’ कर रहे हैं। मंत्री ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि दोनों पक्ष कूटनीतिक और शांतिपूर्ण समाधान को मौका देंगे।’’
इस सप्ताह दोनों के बीच यह दूसरी बैठक वार्ता को लेकर अनिश्चितता के बीच हुई। प्रस्तावित वार्ता के लिए इस्लामाबाद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
सोमवार को, नकवी ने बेकर और पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रजा अमीरी मोघदम के साथ अलग-अलग बैठकें कीं, जिनमें इस्लामाबाद वार्ता के दूसरे दौर की तैयारियों पर चर्चा की गई।
ट्रंप ने पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम को बुधवार को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया। यह अहम घोषणा उस समय हुई जब दो सप्ताह का युद्धविराम खत्म होने में केवल कुछ घंटे बाकी थे।
ईरान की अर्द्ध-सरकारी ‘तस्नीम समाचार एजेंसी’ के अनुसार तेहरान की ओर से युद्धविराम बढ़ाने पर सहमति की पुष्टि करते हुए कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा

Facebook


