पाकिस्तानी अधिकारियों ने अफगान तालिबान पर सीमा पर गोलाबारी करने का आरोप लगाया,काबुल का इनकार
पाकिस्तानी अधिकारियों ने अफगान तालिबान पर सीमा पर गोलाबारी करने का आरोप लगाया,काबुल का इनकार
पेशावर, 23 सितंबर (एपी) आतंकवादियों के सीमापार करने के प्रयास को पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा विफल किये जाने के बाद, अफगानिस्तान के तालिबान बलों ने रात भर पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर गोलाबारी की। स्थानीय पाकिस्तानी अधिकारियों ने बुधवार को यह दावा किया।
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इस बात से इनकार किया कि अफगान तालिबान बलों ने कोई हमला किया है।
ये विरोधाभासी बयान पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों द्वारा पूर्वी अफगानिस्तान में कथित आतंकवादी ठिकानों पर हमले के कुछ दिनों बाद आए हैं।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने से क्षेत्रीय शक्तियों द्वारा किए जा रहे मध्यस्थता प्रयासों को खतरा पैदा हो गया है।
इसके अलावा, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने आठ साधारण ड्रोन को मार गिराया। इस्लामाबाद का कहना है कि ये ड्रोन अफगान तालिबान ने भेजे थे और ये उत्तर-पश्चिमी शहर कोहाट और सीमावर्ती शहर तोरखम में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि सभी ड्रोन को मार गिराया गया और उनसे कोई नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से पाकिस्तान की चौबीसों घंटे सतर्कता और तैयारी का पता चलता है।
महीनों की सीमा-पार झड़पों के बाद कुछ हफ़्तों की शांति के बाद ये हवाई हमले हुए।
इसी माह की शुरुआत में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान से देश में घुसने की कोशिश कर रहे 15 आतंकवादियों को मार गिराया।
बुधवार को पाकिस्तान के चार स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने कथित तौर पर अफगान तालिबान बलों की मदद से पक्तिया और नंगरहार प्रांतों में अफगान सीमा चौकियों के पास पाकिस्तान में घुसपैठ करने की कोशिश की।
अधिकारियों ने आतंकदियों को ‘फित्ना-उल-खवारिज’ कहा। इस्लामाबाद इस शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तानी तालिबान के लिए करता है, जो एक अलग समूह है लेकिन अफगान तालिबान का सहयोगी है।
पाकिस्तान ने बार-बार अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर आरोप लगाया है कि वह उग्रवादियों को अपने इलाके से काम करने और सीमा पार हमले करने की इजाज़त देती है। काबुल इन आरोपों से इनकार करता रहा है।
चार अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा घुसपैठ की कोशिश नाकाम किए जाने के बाद, अफगान तालिबान बलों ने कथित तौर पर पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर मोर्टार और अन्य भारी हथियारों से गोलाबारी की। पाकिस्तानी बलों ने जवाबी कार्रवाई में तोपों से गोलाबारी की और तालिबान की सीमा चौकियों, मोर्टार ठिकानों और रक्षात्मक ठिकानों को निशाना बनाया।
चारों अधिकारियों ने तालिबान बलों के बाद में मोर्चे से भाग जाने और उन्हें भारी नुकसान पहुंचने का दावा किया। इन चारों ने अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्ता पर ये बातें बतायीं।
हाल के इन टकरावों से पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान के बीच चीन, तुर्किये, कतर एवं सऊदी अरब की मध्यस्थता से चल रहे सुलह के प्रयास को झटका लगा है।
एपी
राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


